Mumbai: गणेश विसर्जन की तैयारी पूरी, सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जाएगी चप्पे-चप्पे पर नजर

गिरगांव, जुहू, दादर चौपाटी और अन्य छोटी चौपाटियों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके लिए अलग से नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।

80

अनंत चतुर्दशी के दिन होने वाले भगवान गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए मुंबई पुलिस पूरी तरह तैयार है। इसके लिए 28 सितंबर को मुंबई की सड़कों पर 20,000 पुलिस कर्मियों के साथ राज्य रिजर्व बल, होम गार्ड, महाराष्ट्र सुरक्षा बल और नागरिक सुरक्षा बल की टुकड़ियों को तैनात किया जाएगा। सुक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा, ताकि कोई भी किसी तरह की गड़बड़ी को अंजाम न दे सके।

इस बीच विसर्जन के दिन मुंबई में ट्रैफिक जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विसर्जन रोड पर ट्रैफिक को दूसरे रूट पर डायवर्ट कर दिया है और भारी वाहनों के मुंबई में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

मनपा के साथ मिलकर बनाई रणनीति
अनंत चतुर्दशी पर, मुंबई पुलिस के साथ-साथ मुंबई महानगरपालिका भी गणेश विसर्जन लिए तैयार है। विसर्जन के दिन के लिए मुंबई पुलिस और महानगरपालिका प्रशासन के साथ मिलकर विशेष रणनीति तय की है।

विसर्जन स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुंबई की चौपटी, विसर्जन घाट, झील सहित झांकियों के मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मुंबई पुलिस बल के 8 अपर पुलिस आयुक्त, 25 पुलिस उपायुक्त, 45 सहायक पुलिस सहित 2 हजार 866 पुलिस अधिकारी और 16 हजार 250 पुलिस कांस्टेबल तथा राज्य रिजर्व बल, रैपिड एक्शन फोर्स की 35 प्लाटून सहित कुल 20 हजार पुलिसकर्मी , रैपिड एक्शन फोर्स इकाइयां, होम गार्ड, एनजीओ कार्यकर्ता सुरक्षा के मद्देनजर तैनात रहेंगे।

तीसरी नजर से निगरानी
गिरगांव, जुहू, दादर चौपाटी और अन्य छोटी चौपाटियों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके लिए अलग से नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। मुंबई में बड़े मंडलों के गणेश विसर्जन रैली के साथ-साथ हर जगह ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सादे पोशाक में पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। ये रैली के साथ-साथ विसर्जन घाट पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.