महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक भारी बारिश, मौसम विभाग ने दी यह चेतावनी

पालघर सहित राज्य के कई जिलों में बारिश का रूद्र रूप देखा गया। कई नदियां, डैम, झील, झरने अपने उफान पर हैं।

91

भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का रेड अलर्ट तो कहीं ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस बीच एनडीआरएफ व एसडीआरएफ सहित सुरक्षा दस्तों को सतर्क रहने का निर्देश देने के साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को सावधानी बरतनी की अपील की गई है। लोगों को नदियों और समुद्र किनारे न जाने की हिदायत दी गई है।

मुंबई में जन जीवन पर अधिक असर नहीं
मुंबई में 11 जुलाई रात से ही बारिश जारी है। लेकिन बारिश से जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ है। कामकाजी लोगों को सुबह में बारिश से थोड़ी दिक्कतें हुईं लेकिन दोपहर तक हल्की फुल्की बारिश से जनजीवन सामान्य रहा। मुंबई की लोकल ट्रेन और सड़क यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।

इन क्षेत्रों में स्थिति खराब
पालघर सहित राज्य के कई जिलों में बारिश का रूद्र रूप देखा गया। कई नदियां, डैम, झील, झरने अपने उफान पर हैं। नासिक की गोदावरी घाट में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक 83 लोग विभिन्न हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। एक हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। डेढ़ सौ से अधिक जानवरों की मौत हुई है। तकरीबन 50 हजार से ऊपर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सूबे में मूसलाधार बारिश से कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मौसम विभाग ने मुंबई सहित राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों का भारी बारिश की चेतावनी दी है।

यह भी पढ़ें-समुद्र में मछली पकड़ने गए थे ये मछुआरे, हो गया ऐसा

क्या कहता है मौसम विभाग?
मुंबई प्रादेशिक मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जयंत सरकार के अनुसार पिछले कुछ घंटों में कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी बारिश हुई है। खासकर कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में मूसलाधार से अति मूसलाधार बारिश हुई। मराठवाड़ा में एक दो जगह पर भारी बारिश हुई है। केरल क्षेत्र में हवा का कम दबाव बना हुआ था जो बेहद सक्रिय रहा। केरल के साउथ ईस्ट एरिया में साइक्लोन की स्थिति सात से आठ किलोमीटर के अंतराल पर बनी हुई है। महाराष्ट्र में मानसून की अगले चार दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। कोकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। मुंबई में अगले तीन दिनों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, कोल्हापुर, चंद्रपुर, गडचिरोली में भारी बारिश की संभावना है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.