-विजय सिंगल
Bhagavad Geeta: संन्यास (कामना-प्रेरित सभी कार्यों का त्याग) और त्याग (कर्मों के फल की इच्छा का परित्याग) के स्वरूप पर विचार करने के बाद , और इस विषय पर विद्वानों के विचारों को समझने के उपरांत (श्लोक 18.1 से 18.6 में), श्रीकृष्ण इस निश्चित निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि यज्ञ, दान और तप पर आधारित कार्यों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। इन कार्यों को अवश्य किया जाना चाहिए, क्योंकि ये विद्वानों को भी शुद्ध करने वाले हैं। साथ ही यह परामर्श दिया गया है कि इन कार्यों को बिना किसी आसक्ति के तथा बदले में किसी अपेक्षा के बिना, केवल कर्तव्य समझकर करना चाहिए। श्रीकृष्ण ने यह भी बताया है (श्लोक 17.26 से 17.28 में) कि मनुष्य जो भी कार्य—यज्ञ, दान या तप—करता है, उसे पूर्ण श्रद्धा के साथ करना चाहिए। यदि बिना श्रद्धा के ये कार्य किए जाएँ, तो वे इस लोक और परलोक, दोनों में ही व्यर्थ हैं। सोलहवें अध्याय में, जो लोग अहंकार के भाव से यज्ञ करते हैं या दान देते हैं, उन्हें आसुरी प्रवृत्ति का बताया गया है।
दूसरे शब्दों में कहें तो, आध्यात्मिक विकास और आंतरिक परिवर्तन के लिए यज्ञ, दान और तप के कार्य अनिवार्य हैं। भले ही कोई अन्य कार्यों को त्याग दे , लेकिन भौतिक रूप से सशक्त बनाने वाले और आध्यात्मिक रूप से उन्नत करने वाले इन तीन कार्यों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। साथ ही, यह ध्यान रखना आवश्यक है कि ये कार्य बिना किसी आसक्ति और बिना किसी अहंकार के, तथा गहन श्रद्धा के साथ किए जाने चाहिए। (Bhagavad Geeta)
श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता के अन्य कई श्लोकों में यज्ञ, दान और तप की अवधारणाओं को और विस्तार से समझाया है।
‘यज्ञ’ के अर्थ को श्लोक 3.9 से 3.19, 4.23 से 4.33 और 17.11 से 17.13 तक विस्तार से समझाया गया है। गीता में ‘यज्ञ’ का मूल अर्थ केवल पारंपरिक वैदिक हवन अग्निहोत्र -अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है; इसका अर्थ कहीं अधिक व्यापक है। वास्तव में, श्रीकृष्ण ने ‘यज्ञ’ को एक समर्पित जीवन-दर्शन के रूप में परिभाषित किया है—जहां कार्य को कर्तव्य मानकर, सेवा भाव से और बिना किसी आसक्ति के किया जाता है; और जिसका उद्देश्य व्यापक रूप से समाज का कल्याण करना होता है। जब कोई व्यक्ति ईश्वर को अर्पित करने के भाव से अपने दैनिक कार्यों को सम्पन्न करता है — एवं अपने अहंकार को अपने कर्मों के परिणामों से अलग रखता है— तो वह कार्य उसके लिए बोझ नहीं रह जाता। ऐसा कार्य बंधन बनने के बजाय, मुक्ति दिलाने वाला बन जाता है। यही ‘यज्ञ’ है। (Bhagavad Geeta)
श्रीकृष्ण ने बताया है कि जीवन का ब्रह्मांडीय चक्र यज्ञ पर निर्भर है। जो व्यक्ति यज्ञ करके—यानी अनासक्त भाव से अपने निर्धारित कर्तव्यों का पालन करके—इस चक्र को चलाने में योगदान नहीं देता, उसका जीवन व्यर्थ है। दूसरे शब्दों में, आप दूसरों का पोषण करते हैं, और बदले में आपका भी पोषण होता है। श्रीकृष्ण ने यज्ञ के अनेक रूपों का भी वर्णन किया है, जिनका मुख्य संबंध इंद्रिय निग्रह अर्थात इंद्रियों पर नियंत्रण रखने और अपनी समस्त सांसारिक सम्पदा को ईश्वर को समर्पित करने से है। ऐसे यज्ञों के माध्यम से व्यक्ति भौतिक सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त कर सकता है। (Bhagavad Geeta)
व्यापक अर्थ में, ‘दान’ का तात्पर्य है— साझा करना और संरक्षण करना। इसमें केवल खाद्य पदार्थ या ऐसे ही अन्य संसाधनों आदि भौतिक वस्तुओं का निस्वार्थ दान ही शामिल नहीं है, अपितु अपने समय एवं ज्ञान आदि साझा करना भी सम्मिलित है। यह बताकर कि दान आदि कार्य मन को शुद्ध एवं आत्मा को मुक्त करते हैं, श्रीकृष्ण ने दान के कर्तव्य को निरे सामाजिक दायित्व के स्तर से ऊपर उठाकर एक आध्यात्मिक साधना का रूप दे दिया है। (Bhagavad Geeta)
श्रीकृष्ण ने (श्लोक 17.20 से 17.22 में) बताया है कि किस भाव से दान देना चाहिए। इसमें कहा गया है कि दान कर्तव्य समझकर, किसी योग्य व्यक्ति को, उचित स्थान पर और सही समय पर देना चाहिए; और बदले में किसी भी चीज की अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए। श्रीकृष्ण ने ऐसे दान की निंदा की है जो अनुचित स्थान या गलत समय पर दिया जाए, किसी अयोग्य व्यक्ति को दिया जाए, या फिर अनादर और तिरस्कार के साथ दिया जाए। बदले में भौतिक लाभ या सामाजिक यश जैसा कुछ भी प्रतिदान पाने की आशा से दिया गया दान, सच्चे दान के बजाय एक व्यावसायिक लेन-देन जैसा अधिक है। (Bhagavad Geeta)
भगवद्गीता में, ‘तप’ या “तपस्या” का अर्थ खुद को कष्ट देना, या एकांत और कठिनाइयों भरा जीवन जीना नहीं है। अपितु , यह शरीर और मन की अशुद्धियों को जलाकर नष्ट करने का प्रतीक है; एवं इस तरह , आत्म-संयम और पवित्रता से भरा जीवन जीने की ओर इंगित करता है।
श्रीकृष्ण ने (श्लोक 17.14 से 17.16 में) तप को तीन रूपों में विभाजित किया है: शरीर का तप, वाणी का तप और मन का तप। इसके अलावा,
इन सभी प्रकार के तपों को प्रकृति के तीन गुणों के आधार पर वर्गीकृत किया गया है (श्लोक 17.17 से 17.19 में)। इन श्लोकों को एक साथ समझने पर पता चलता है कि मनुष्य को ईश्वर की उपासना करनी चाहिए, बड़ों और ज्ञानी जनों का सम्मान करना चाहिए, स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए, सादगी अपनानी चाहिए, अहिंसा का पालन करना चाहिए, अति से बचना चाहिए, सत्य बोलना चाहिए (ऐसा सत्य जो दूसरों को परेशान न करे, बल्कि उनके लिए हितकारी और सुखद हो), पवित्र ग्रंथों का नियमित पाठ करना चाहिए, मन की शांति बनाए रखनी चाहिए, आत्म-संयम का अभ्यास करना चाहिए और अपने स्वभाव को पूरी तरह से शुद्ध रखना चाहिए। साथ ही, यह भी सलाह दी गई है कि शरीर, वाणी और मन से जुड़े इन अनुशासनों का पालन गहन श्रद्धा के साथ, बिना किसी फल की इच्छा के, और केवल आध्यात्मिक उन्नति के उद्देश्य से किया जाना चाहिए। (Bhagavad Geeta)
यह भी पढ़ें: Bhagavad Geeta: भगवद्गीता: जीवन के आधारभूत सिद्धांत
संक्षेप में कहें तो, गीता का दर्शन कर्म के त्याग का नहीं, अपितु निरंतर अपने कर्तव्यों का पालन करने का दर्शन है। श्रीकृष्ण ने उपदेश दिया है कि आध्यात्मिक पूर्णता प्राप्त कर लेने के बाद भी, मनुष्य को यज्ञ, दान और तप के रूप में अपने सांसारिक और आध्यात्मिक कर्तव्यों का पालन करते रहना चाहिए। इन सभी कर्तव्यों को अटूट निष्ठा और पूर्ण श्रद्धा के साथ पूरा किया जाना चाहिए। (Bhagavad Geeta)
यह भी देखें

