Issue of women safety: मुख्यमंत्री योगी ने किया यह दावा

मुख्यमंत्री योगी ने 4 सितंबर को होटल ताज में आयोजित एक समाचार पत्र के कार्यक्रम ''यूपी राइजिंग 10 साल 10 बदलाव'' को संबोधित किया।

196

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्ष में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि उत्तर प्रदेश में हर तरह के अपराध में कमी आई है।

योगी सरकार का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2022 में हम कानून व्यवस्था को आधार बनाकर चुनाव के मैदान में गए थे और यह बहुत बड़ी बात है कि कानून व्यवस्था के मामले पर कोई सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ रिपीट हो जाए। इसमें बड़ी भूमिका आधी आबादी ने निभाई, जिन्हें सुरक्षा का बेहतर वातावरण मिला। आज महिलाएं प्रदेश में कहीं भी बिना भय के अकेले यात्रा कर सकती हैं। हमारी सरकार आधी आबादी के विश्वास को जीतने में सफल रही।

यूपी राइजिंग 10 साल 10 बदलाव को किया संबोधित
मुख्यमंत्री योगी 4 सितंबर को होटल ताज में आयोजित एक समाचार पत्र के कार्यक्रम ”यूपी राइजिंग 10 साल 10 बदलाव” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों का परसेप्शन था कि यूपी का कुछ नहीं हो सकता, यूपी नहीं सुधर सकता, यूपी एक बीमारू राज्य है जो देश को बीमार कर रहा है। पिछले साढ़े छह वर्षों में हमारी सरकार ने देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश के प्रति व्याप्त इस धारणा को बदलने में सफल रही। आज उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों में नकारात्मक सोच नहीं है। आज उत्तर प्रदेश सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से संभव हो पाया, जिन्होंने एक प्रकाश पुंज के रूप में उत्तर प्रदेश को नई दृष्टि दी।

प्रधानमंत्री मोदी की सराहना
योगी ने कहा कि 2014 के पहले भारत के बारे में दुनिया की धारणा बहुत नकारात्मक थी। दुनिया का कोई भी देश भारत को गंभीरता से नहीं लेता था। देश की बागडोर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में आने के बाद भारत के प्रति दुनिया की धारणा बदली है। अब दुनिया भारत को सकारात्मक दृष्टि से देखती है और गंभीरता से लेती है। आज दुनिया में जब कोई संकट आता है तो भारत और प्रधानमंत्री मोदी संकट मोचक के रूप में दुनिया को संकट से निकालने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक देश के अंदर एक विश्वास का माहौल उत्पन्न हुआ है कि देश का राजनैतिक नेतृत्व जो फैसला लेगा वो जनता और देश के हित में होगा।

9 वर्ष में आए बड़े बदलाव
योगी ने कहा पिछले 9 वर्ष के अंदर हमने बहुत ही शानदार तरीके से भारत को बदलते देखा है। भारत ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एक लंबी छलांग लगाई है। आज भारत दुनिया 10वीं बड़ी अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2027 आते-आते भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भी पिछले साढ़े छह वर्ष के अंदर प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने में सफलता प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश जो देश की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था हुआ करता था। आज वह नंबर तीन की अर्थव्यवस्था बन चुका है। बहुत शीघ्र ही यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य होगा। इसकी घोषणा कभी भी हो सकती है।

 

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.