Ruchika Singh Apology: जंतर-मंतर पर हुए हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी दिवंगत मां और अन्य नेताओं के खिलाफ कथित रूप से की गई अपमानजनक टिप्पणियों का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद इस घटना की देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसी मामले में नोएडा की रहने वाली रुचिका सिंह का नाम सामने आया, जिसके खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी करते हुए सभी बच्चों को माफ करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवाओं और एक किशोरी को भी आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए देखा गया, जिसके बाद लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की। मामला सामने आने के बाद नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में अपमानजनक टिप्पणी को लेकर जीरो एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित महिला प्रदर्शनकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: Assam Flood: असम में बाढ़ का कहर अभी खत्म नहीं! 5 जिले अब भी पानी में, मौतों का आंकड़ा बढ़ा
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर किसी राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि एक पिता और अभिभावक के रूप में अपनी बात रखना चाहते हैं। पीएम ने कहा कि कुछ गुमराह बच्चों ने उनके और उनकी स्वर्गीय माता के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जो निश्चित रूप से दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि देश की बेटियां इस तरह की भाषा बोलने के लिए कैसे प्रेरित हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में एक उदाहरण देते हुए कहा कि जब कभी दांतों के बीच जीभ आ जाती है और उससे खून निकल आता है, तब भी कोई अपने दांत नहीं तोड़ता, क्योंकि दांत भी अपने होते हैं और जीभ भी अपनी होती है। इसी तरह समाज के बच्चों से यदि कोई गलती हो जाती है तो उन्हें केवल दंड देना समाधान नहीं है, बल्कि उन्हें सही रास्ता दिखाना अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन गुमराह बच्चों को अदालतों के चक्कर कटवाना या प्रताड़ित करना उचित नहीं होगा। लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि उसमें अपनी गलतियों को सुधारने का अवसर हमेशा मौजूद रहता है। इसी भावना के साथ उन्होंने कहा कि वह इन बच्चों को माफ करते हैं।
प्रधानमंत्री के इस वीडियो के सामने आने के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर रुचिका सिंह का एक और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आ रही है। रुचिका ने कहा कि वह अपने एक दोस्त के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी, जहां जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन चल रहा था। उसके अनुसार वहां मौजूद लोग लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे और टिप्पणियां कर रहे थे। उन्होंने उसे भी कुछ बोलने के लिए कहा और वह माहौल के प्रभाव में आकर गलत शब्द बोल बैठी।
इसे भी पढ़ें: August School Holiday List 2026: अगस्त में इन तारीखों पर बंद रहेंगे स्कूल, देखें पूरी छुट्टियों की लिस्ट
रुचिका ने वीडियो में कहा कि उसकी उम्र केवल 15 वर्ष है और उसने जो कुछ कहा, वह बिल्कुल गलत था। उसने स्वीकार किया कि उसकी बात किसी भी तरह से माफी के योग्य नहीं थी और उसे अपने व्यवहार पर गहरा पछतावा है। उसने पूरे देश से हाथ जोड़कर क्षमा मांगते हुए कहा कि वह शर्मिंदगी महसूस कर रही है, लोगों की आंखों में आंखें डालकर बात भी नहीं कर पा रही है और भविष्य में कभी ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी। उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए सभी से उसे माफ करने की अपील की।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माफी वाले संदेश और रुचिका सिंह के माफीनामे को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Join Our WhatsApp Community
