महाराष्ट्र सहित इन 13 राज्यों के बदले गए राज्यपाल, देखिए पूरी सूची

112

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। उनकी जगह पर रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, राष्ट्रपति भवन ने इसकी जानकारी दी है। साथ ही रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पिछले कई दिनों से विपक्षी पार्टियां राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के इस्तीफे की मांग कर रही थीं। इसके साथ ही राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पद से इस्तीफा देने की इच्छा जताई थी। इस मांग को स्वीकार कर लिया गया है

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने  महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर के त्यागपत्र स्वीकार करने के साथ 13 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्ति किए हैं।

इन राज्यों में बदले गए राज्यपाल
राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के तौर पर भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में राधा कृष्णन माथुर का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (सेवानिवृत्त) को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। इसके अलावा लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सी.पी. राधाकृष्णन को झारखंड, शिव प्रताप शुक्ल को हिमाचल प्रदेश और गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त किया है।

राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल और अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बी.डी. मिश्रा को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन के अनुसार यह नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों में प्रभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.