केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से पूछा तपस्वी की परिभाषा, प्रधानमंत्री की प्रशंसा में कही ये बात

106

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर देश के तपस्वी का अपमान करने संबंधी बयान देने पर केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने जोरदार हमला किया है। राहुल गांधी के साथ-साथ गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बिहार सरकार के मंत्री आलोक मेहता पर भी हमला किया है।

शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी तपस्वी की परिभाषा बताएं। भारत ऋषि-मुनियों का देश रहा है, नरेन्द्र मोदी सनातन के वैभव को ऊंचाई पर ले जा रहे हैं। काशी कॉरिडोर बना, सोमनाथ कॉरिडोर बना, द्वारिका पर काम हो रहा है, केदारनाथ और अयोध्या किस ऊंचाई पर पहुंचा यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है। तपस्वी को पूजना मेरे संस्कार और संस्कृति में है। राहुल गांधी क्या बोलते हैं, उसको साफ करना चाहिए।

इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी जोरदार हमला किया। गिरिराज सिंह ने कहा कि आज देश में अलग परिभाषा चल रही है। केजरीवाल नानी को कह रहे थे कि मस्जिद पर मंदिर बना है, वहां हम नहीं जाएंगे, राम काल्पनिक है। लेकिन आज उसी केजरीवाल को राम और अयोध्या सही लग रहा है। वह गुजरात में लोगों को कह रहे हैं कि चारों धाम और अयोध्या का दर्शन कराएंगे। अरविंद केजरीवाल उन नेताओं में आ गए जिनकी चर्चा करना भी बेकार है। अन्ना हजारे के सामने अपने पुत्र की शपथ लेकर कहा था कि राजनीति में नहीं आएंगे, ऐसे लोगों की जुबान का क्या भरोसा। वह हिंदू और हिंदुत्व की बात करते हैं, लेकिन दिल्ली के अंदर मदरसा के इमामों को लाखों रुपया वेतन देते हैं, जबकि हिंदुओं के मंदिर के पुजारी को कुछ नहीं देते। यह कैसा सेक्युलरिज्म है, लोग उनका विरोध क्यों नहीं करें, यह उन्हें ही बताना चाहिए।

गिरिराज सिंह बिहार सरकार के मंत्री आलोक मेहता द्वारा धर्म परिवर्तन को जायज कहे जाने पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के मंत्री धर्म परिवर्तन जायज है या नाजायज है की परिभाषा लिखित रूप से डीएम को दे दें, डीएम जो कहेंगे वह मान्य होगा। लेकिन बिहार में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन का दौर चल रहा है और राज्य का कोई भी जिला इससे वंचित नहीं है। धर्म परिवर्तन के लिए कानून होनी चाहिए। बहुसंख्यक हिंदुओं पर धर्म परिवर्तन का प्रहर हो रहा है, कट्टरवादी मुसलमानों का प्रहार हो रहा है।

यह भी पढ़ें – आजम खान को अपने ही शब्द पड़ गए भारी, हो गया मुकदमा दर्ज 

गिरिराज सिंह ने कहा कि हमें मुस्लिम आबादी से संकट नहीं है, मुसलमानों के कट्टरपंथी सोच, गजवा-ए-हिंद लाने वाले, लव जिहाद के समर्थक और भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने वालों से परहेज है, हम उसका विरोध कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि मंत्री जी ध्यान दें, सत्ता आएगी-जाएगी। लेकिन भारत और बिहार में जब तक बहुसंख्यक की आबादी है तब तक सामाजिक समरसता है, लोकतंत्र मजबूत है, नहीं तो कमजोर हो जाएगा। जिनको केवल वोट देखना है वह वोट देखें, हमें तो भारत के सभी लोगों के साथ एक समान व्यवहार करना है। बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक दोनों बराबर हैं, हम दोनों के हित में बोलते रहेंगे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.