महाराष्ट्र की पार्टियों में मचेगी भगदड़? पांच राज्यों के चुनाव परिणाम का दिखने लगा है साइड इफेक्ट

पांच राज्यों में चुनाव परिणाम का महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी में शामिल पार्टियों में हलचल के संकेत भी मिलने लगे हैं। इस बीच राकांपा के राज्यसभा सांसद मजीद मेमन के ट्वीट पर बवाल खड़ा हो गया है।

89

देश के पांच राज्यों में हुए चुनाव के परिणाम ने देश की राजनीति को काफी प्रभावित किया है। इसके दूरगामी परिणाम होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। महाराष्ट्र की राजनीति में भी चुनाव के बाद चार राज्यों में भाजपा की और एक पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के आने के बाद राजनीति हलचल मची हुई है।

महाराष्ट्र में भी विभिन्न पार्टी के नेता अपने भविष्य को लेकर आत्मनिरीक्षण करने में जुटे हैं। वे अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पार्टी बदलने पर भी विचार कर रहे हैं। समझा जा रहा है कि कई नेता भाजपा और आम आदमी पार्टी को लंबी रेस की पार्टी मान रहे हैं और वे उनकी ओर रूख करने का मन बना रहे हैं।

मजीद मेमन के ट्वीट से बढ़ी हलचल
महाविकास आघाड़ी में शामिल पार्टियों में हलचल के संकेत भी मिलने लगे हैं। 28 मार्च को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद मजीद मेमन ने ट्वीट करते हुए लिखा, “अगर नरेंद्र मोदी को जनता वोट देकर जीत दिलाती है, और दुनिया उन्हें विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता मानती है , तो कोई बात, कुछ अच्छे गुण तो होंगे उनमें। कुछ ऐसे काम होंगे, जो कि विपक्ष के नेता अपने समय में नहीं कर पाए।”

मेमन ने दी सफाई
राकांपा के इस नेता के ट्वीट के अलग-अलग अर्थ निकाले जा रहे हैं। उनकी पार्टी के लोग खुद भी उनके इस तरह के विचार से दंग है। हालांकि मेमन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी बात का गलत मतलब न निकाला जाए।

मजीद मेमन ने कहा है कि मैं भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहा हूं।

जिन राज्यों में चली गई कांग्रेस की सरकार…
इसी सन्दर्भ में कांग्रेस के कई नेता भी अपने भविष्य को लेकर आशंकित हैं। पंजाब में पार्टी की हार और आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत के बाद महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। उनका मानना है कि आंध्र प्रदेश. तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार जाने के बाद कभी वापस नहीं आई। अब इस सूची में पंजाब का भी नाम शामिल हो गया है।

भाजपा और आप है पसंद की पार्टी
एक कांग्रेस नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि महाराष्ट्र में शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस तीनों मिलकर चुनाव लड़ेंगी तब भी भाजपा की जीत तय है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य प्रीति मेनन का भी दावा है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता उनके संपर्क में हैं। उनका कहना है,” हम मुंबई महानगरपालिका के साथ ही यहां के सभी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे।”

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.