एनडीए की ओर से “द्रौपदी” को मिली राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी

राष्ट्रपति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने निष्ठावान पार्टी नेता का नाम दिया है। जो वनवासी संथाल समुदाय से हैं।

106

भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया।

मंगलवार शाम पार्टी के मुख्यालय पर भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुर्मू के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी वनवासी महिला को राष्ट्रपति के रूप में वरीयता दी गई है। हम आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के उम्मीदवार के रूप में घोषित करते हैं।

ये भी पढ़ें – ऐसे बन सकती है महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार

प्रधानमंत्री समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की हुई बैठक
इससे पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत किया। पार्टी मुख्यालय पर हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य शामिल हुए हैं।

इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की थी। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि नायडू को राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बना सकती है।

24 जुलाई को राष्ट्रपति कोविंद का कार्यकाल समाप्त
उल्लेखनीय है कि वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है। चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अंतर्गत राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। यदि जरूरी हुआ तो 18 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.