उप्रः उपमुख्यमंत्री मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 12 जून को मेरठ दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा मुक्त प्रदेश है।

91

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को पत्थरबाजों और दंगाईयों की पिटाई जरूर दिखाई देती है, लेकिन पत्थरबाजों की पुलिसकर्मियों पर की गई पत्थरबाजी दिखाई नहीं देती। अब पुलिस पत्थरबाजों और दंगाईयों की पिटाई कर रही है तो अखिलेश यादव को दर्द क्यों हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 12 जून को मेरठ दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा मुक्त प्रदेश है। पत्थरबाजों और दंगाइयों को समझना चाहिए कि उन्हें बचाने के लिए अखिलेश ट्वीट जरूर कर सकते हैं, लेकिन कानून की सख्ती से नहीं बचा सकते। 10 जून को उप्र में हुए हिंसक प्रदर्शनों की जांच चल रही है। जांच में दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संदेश है कि दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस समय अवैध कब्जे और दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार दंगाइयों के आगे झुकेगी नहीं।

कांग्रेस पर बोला हमला
मौर्य ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार बढ़ाने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि विकास के मामले में भारत को विश्व में प्रथम स्थान पर होना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस के कारण भारत लगातार कमजोर होता रहा। नेशनल हेरल्ड में पांच हजार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शेयर होल्डर थे। भ्रष्टाचार के इस मामले में कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष जमानत पर हैं। वे दोनों काफी डरे हुए हैं। दोनों को ईडी के सामने प्रस्तुत होकर अपना पक्ष रखना चाहिए, लेकिन कांग्रेस के नेता राजनीतिक दबाव बनाकर खुद के बचाव की कोशिश कर रहे हैं। भ्रष्टाचार को संरक्षण देना और जांच एजेंसियों को कार्रवाई से रोकना कांग्रेस का स्वभाव है। दोष साबित होने पर आपातकाल जैसे संकट का सामना भी कांग्रेस के कारण ही करना पड़ा।

ये रहे उपस्थित
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ में राज्यमंत्री दिनेश खटीक और पुलिस के प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। इस अवसर पर जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, सुनील अग्रवाल, दीपक शर्मा, राजकुमार कौशिक आदि उपस्थित रहे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.