Lok Sabha Elections 2019: यूपी में सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले टॉप-10 सांसद

विपक्ष के बड़े नेताओं में शुमार सपा से मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से 94 हजार 387 वोटों के अंतर से जीते। सपा के अखिलेश यादव 2 लाख 59 हजार 874 मतों के अंतर से विजयी हुए।

67

Lok Sabha Elections : 2019 के आम चुनावों में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीतने वाले टॉप-10 सांसदों में से सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं, जिन्होंने 2 लाख से से 5 लाख तक वोटों से जीत हासिल की थी। 2019 में ‘मोदी लहर’ के बीच भाजपा की भारी जीत के साथ एक दिलचस्प बात यह भी रही कि सबसे कम अंतर से जीत का रिकॉर्ड भी भाजपा सांसद के ही नाम रहा है। उप्र के मछलीशहर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बी.पी. सरोज को केवल 188 मतों से जीत हासिल हुई थी।

गाजियाबाद सीट 5 लाख के अंतर से जीती
गाजियाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन उम्मीदवार सपा के सुरेश बंसल को 5 लाख 1 हजार 500 मतों से हराया। भाजपा प्रत्याशी के खाते में 944,503 (61.98%) वोट आए। वहीं सपा उम्मीदवार को 443003 (29.05%) वोट हासिल हुए।

 जीत का अंतर साढ़े चार के पार
फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर को 4 लाख 95 हजार 65 मतों के भारी अंतर से हराया। राजकुमार चाहर को 667,147 (64.24%) और कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर को 172,082 (16.57%) वोट हासिल हुए। वाराणसी सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की शालिनी यादव को 4 लाख 79 हजार 505 मतों के भारी अंतर से परास्त किया। नरेन्द्र मोदी को 674,664 (63.6%) वोट हासिल हुए, वहीं सपा प्रत्याशी के खाते में 195,159 (18.4%) वोट आए।

तीन लाख से ज्यादा के अंतर से जीती 6 सीटें
झांसी सीट से भाजपा के अनुराग शर्मा ने गठबंधन उम्मीदवार सपा के श्याम सुंदर सिंह को 3 लाख 62 हजार 865 वोटों से हराया। लखनऊ संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सपा उम्मीदवार पूनम शत्रुघन सिन्हा को 3 लाख 47 हजार 302 मतों के अंतर से परास्त किया। राजनाथ सिंह को 633,026 (56.64%) और पूनम सिन्हा को 285,724 (23.57%) वोट प्राप्त हुए। कुशीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार दुबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के नथुनी प्रसाद कुशवाहा को 337,560 वोटों से परास्त किया। वहीं गौतमबुद्ध नगर सीट से भाजपा के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के सतवीर को 3 लाख 36 हजार 922 मतों से हराया।

पूर्वांचल की अहम गोरखपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा-बसपा गठबंधन के राम भुआल निषाद को 3 लाख 1 हजार 664 मतों से हराया। वहीं महाराजगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी ने गठबंधन उम्मीदवार सपा के अखिलेश को 3 लाख 40 हजार 424 वोटों से परास्त किया।

ढाई लाख लाख से ज्यादा के अंतर से जीती 10 सीटें
मथुरा सीट से मौजूदा सांसद भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन प्रत्याशी रालोद के कुंवर नरेंद्र सिंह को 2 लाख 93 हजार 471 मतों से हराया। बुलंदशहर से भाजपा प्रत्याशी भोला सिंह ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के योगेश वर्मा को 2 लाख 90 हजार 57 मतों से हराया। अकबरपुर सीट से भाजपा के देवेंद्र सिंह भोले ने गठबंधन प्रत्याशी बसपा की निशा सचान को 2 लाख 75 हजार 142 वोटों से परास्त किया। शाहजहांपुर से भाजपा के अरुण कुमार सागर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन उम्मीदवार बसपा के अमर चंद्र जौहर को 2 लाख 68 हजार 418 वोटों से परास्त किया। कैसरगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के चंद्रदेव राम यादव को 2 लाख 61 हजार 601 मतों से पराजित किया। वहीं पीलीभीत सीट से भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के हेमराज वर्मा को 2 लाख 55 हजार 627 मतों से हराया।

2 लाख से अधिक अंतर से जीती 5 सीटें
देवरिया सीट से भाजपा के रमापति राम त्रिपाठी ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के विनोद कुमार जायसवाल को 2 लाख 49 हजार 931 मतों से हराया। हमीरपुर से भाजपा उम्मीदवार कुंवर पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दिलीप कुमार सिंह को 248,652 मतों से पराजित किया। फर्रुखाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के मनोज अग्रवाल को 2 लाख 21 हजार 702 मतों से परास्त किया। खीरी सीट से भाजपा के अजय कुमार ने गठबंधन उम्मीदवार सपा की पूर्वी वर्मा को 2 लाख 18 हजार 807 वोटों से परास्त किया। आगरा सीट से भाजपा के सत्यपाल सिंह बघेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन उम्मीदवार बसपा के मनोज कुमार सोनी को 2 लाख 11 हजार 546 मतों से हराया।

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस का गढ़ रहे अमेठी से स्मृति ईरानी ने नामांकन किया दाखिल

विपक्ष का हाल
विपक्ष के बड़े नेताओं में शुमार सपा से मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से 94 हजार 387 वोटों के अंतर से जीते। सपा के अखिलेश यादव 2 लाख 59 हजार 874 मतों के अंतर से विजयी हुए। वहीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी रायबरेली से 1 लाख 71 हजार 678 वोटों के अंतर से जीती।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.