डब्ल्यूटीओ में भारत-अमेरिका के बीच खत्म होंगे छह विवाद

अमेरिका ने वर्ष 2018 में राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर कुछ इस्पात और एल्यूमीनियम उत्पादों पर क्रमशः 25 फीसदी और 10 फीसदी का आयात शुल्क लागू किया था।

168

भारत और अमेरिका विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में अपने छह व्यापारिक विवादों को समाप्त करने पर सहमत हो गए हैं। इसके साथ ही भारत ने बादाम, अखरोट और सेब जैसे 28 अमेरिकी उत्पादों पर प्रतिशोधात्मक सीमा शुल्क भी हटाने का फैसला किया है।

अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत गणराज्य डब्ल्यूटीओ में छह बकाया विवादों को समाप्त करने पर सहमत हुए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा की धारा 232 के तहत इस्पात और एल्युमीनियम पर लगाए गए शुल्क के बदले भारत ने प्रतिशोधात्मक सीमा शुल्क को खत्म करने पर भी सहमति जताई। ताई ने कहा कि यह समझौता हमारे आर्थिक और व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए पिछले दो वर्षों से जारी द्विपक्षीय जुड़ाव को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने वर्ष 2018 में राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर कुछ इस्पात और एल्यूमीनियम उत्पादों पर क्रमशः 25 फीसदी और 10 फीसदी का आयात शुल्क लागू किया था। जवाबी कार्रवाई में भारत ने जून, 2019 को चना, दाल, बादाम, अखरोट, सेब, बोरिक एसिड और डायग्नोस्टिक अभिकर्मकों सहित 28 अमेरिकी उत्पादों पर सीमा शुल्क लगाया था। गौरतलब हो कि इस समय भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैंं। उनकी इस यात्रा को भारत और अमेरिका के बीच कई संभावनाओं की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.