I.N.D.I.A. गठबंधन कर रहा सनातन धर्म का अपमान, अमित शाह ने दी बताया विपक्ष का भविष्य

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप है। साथ में मन में अहंकार है, घमंड है कि देश में राज सिर्फ गांधी परिवार कर सकता है।

161
फाइल चित्र

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के बयान को लेकर 3 सितंबर को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन आई.एन.डी.आई.ए. दो दिन से सनातन धर्म का अपमान कर रहा है। गठबंधन के दो घटक दल डीएमके और कांग्रेस के बड़े नेता कह रहे हैं कि सनातन धर्म को समाप्त कर देना चाहिए। इन लोगों ने वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए हमारी संस्कृति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर ये जितना बोलेंगे, उतना ये खुद ही कम होते जाएंगे।

भाजपा की दूसरी परिवर्तन यात्रा से पहले आयोजित जनसभा को किया संबोधित
गृहमंत्री शाह 3 सितंबर को राजस्थान के बेणेश्वर धाम में भाजपा की दूसरी परिवर्तन यात्रा से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। राहुल गांधी हिंदू संगठन की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से कर रहे हैं तो वहीं यूपीए सरकार के तत्कालीन गृहमंत्री कहते थे, हिंदू टेरर चल रहा है। शाह ने कहा कि आप जितना बोलोगे, उतना कम होते जाओगे। सनातन धर्म के खिलाफ बोलोगे तो 2024 में दूरबीन से भी देखने पर नहीं दिखोगे। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह कहते थे कि बजट पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। हम कहते हैं कि बजट पर पहला अधिकार गरीबों का है। अल्पसंख्यकों के नाम पर तुष्टीकरण करते हैं।

कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप है। साथ में मन में अहंकार है, घमंड है कि देश में राज सिर्फ गांधी परिवार कर सकता है। और मोदी तो गरीब मां और चाय बेचने वाले का गरीब बेटा है। ये लोग सहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस साल तक यूपीए सरकार ने राजस्थान की जनता को क्या दिया? दस साल की सरकार में सिर्फ राजस्थान को 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये दिए, जबकि मोदी सरकार ने 9 साल में 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपये राजस्थान को दिए।

मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है, महिला सुरक्षा में विफल सरकार है। राजस्थान में महिलाओं के साथ बदसलूकी के हर रोज करीब 19 मामले आ रहे हैं। एक महिला का चीरहरण हुआ लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। गहलोत जादूगर हैं। उन्होंने जादू से राजस्थान से बिजली गायब कर दी। महिलाओं की सुरक्षा गायब कर दी।

राजस्थान में महिला को निर्वस्त्र करने का मामलाः किरोड़ी लाल ने विपक्ष पर बोला हमला, की ये मांग

डूंगरपुर वीरों की धरती
उन्होंने कहा कि आज बेणेश्वर धाम की इस पावन धरा पर भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ की शुरुआत होने जा रही है। डूंगरपुर की धरती हमेशा वीरों की धरती रही है। यहीं राजस्थान और गुजरात के आदिवासी भाइयों ने महाराणा प्रताप के साथ रहकर वर्षों तक युद्ध करके मुगलों की सेना के दांत खट्टे किए थे। भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ 19 दिन में 2,500 किमी घूमेगी और 52 विधानसभाओं से संपर्क करेगी। 156 जगह छोटी सभाएं, 52 जगह पर सभाएं और 56 जगह पर बड़ी सभाएं कर पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लेगी।

सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.