अमित शाह की यात्रा के पहले पंजाब में खेल, भाजपा के ‘मन-प्रीत’

अमित शाह का यह दूसरा दौरा है जब कांग्रेस को उन्होंने जबरदस्त झटके दिये हैं। भाजपा राज्य में अपने आपको स्थापित करने के लिए बड़े नामवाले नेताओं को शामिल कर रही है।

96

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले राज्य की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और दो बार राज्य सरकार के मंत्री रह चुके मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस से हाथ खींच लिया है। अब उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पारी भारतीय जनता पार्टी के साथ शुरू की है। पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने बुधवार को अचानक कांग्रेस से इस्तीफा देकर दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 29 जनवरी को पटियाला आ रहे हैं। यहां लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पहली जनसभा आयोजित की जा रही है।

मनप्रीत सिंब बादल पंजाब के वित्त मंत्री रह चुके है। इसके अलावा वे पांच बार से विधायक हैं। मनप्रीत सिंह ने बुधवार को दिल्ली पहुंचकर भाजपा अध्यक्ष जे.पी नड्डा से भेंट की। उसके बाद वह भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पंजाब में यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे मौके पर हुआ है जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के लिए अंतिम रैली करने जा रहे हैं। राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही होशियारपुर में समूची कांग्रेस के एकजुट होने का दावा किया था। गुरुवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पंजाब में अंतिम दिन है। इस अवसर पर वह पठानकोट में रैली को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का पंजाब दौरा कांग्रेस को एकजुट करने में फेल साबित हुआ है। विधानसभा चुनाव के बाद से ही मनप्रीत बादल शांत बैठे हुए थे। कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह, राजा वडि़ंग द्वारा मनप्रीत बादल पर उन्हें हराने के प्रयास करने के आरोप लगाए जाने के बाद से ही मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस से दूरी बना ली थी।

ये भी पढ़ें – त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित, 2 मार्च को मतगणना

अकाली दल से शुरुआत
मनप्रीत बादल ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अकाली दल से की और बाद में अपनी पार्टी भी बनाई। जिसका कांग्रेस में विलय कर दिया गया। कांग्रेस का साथ भी मनप्रीत को नहीं भाया और अब वह भाजपा के साथ मिलकर नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। मनप्रीत बादल पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। मनप्रीत ने वर्ष 1995 में पंजाब के गिद्दड़बाहा में हुए उपचुनाव से पंजाब की राजनीति में प्रवेश किया था।

कांग्रेस को झटके पर झटका
उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री अमित शाह पंजाब में विधानसभा चुनाव के बाद जब चंडीगढ़ आए थे तो उन्होंने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया था। उस समय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, पूर्व मंत्री बलवीर सिद्धू, सुंदर श्याम अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह कांगड़, राजकुमार वेरका समेत कई नेता भाजपा में शामिल हुए थे। पंजाब की पूर्व कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे राणा गुरमीत सोढी पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.