धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में गूंजेगा गीता का संदेश – कंवरपाल

91

हरियाणा के पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र से एक बार फिर पवित्र ग्रंथ गीता का उपदेश पूरे विश्व में गूंजेगा। इस संदेश में ही पूरे विश्व का सार समाहित है। इन पवित्र उपदेशों को पूरी दुनिया तक पहुंचाने के लिए वैश्विक गीता पाठ का आयोजन फिर से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री कंवरपाल वीरवार को ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 के शिल्प और सरस मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत बोल रहे थे। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 के शिल्प और सरस मेले की शुरुआत 21 ब्राह्मणों द्वारा किए गए मंत्रोच्चारण और शंख की सुरीली गूंज के साथ हुआ। पर्यटन मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से कई वर्षों से गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस महोत्सव का प्रचार-प्रसार विश्वस्तर पर किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के प्रयासों से महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की गई है। इस महोत्सव के साथ हरियाणा का गौरव पूरे विश्व में बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें – विवादों में ममता! इस बात के लिए भाजपा ने दर्ज कराया मामला

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस शिल्प मेले में विभिन्न राज्यों से शिल्पकार अपने-अपने प्रदेश की बेहद खूबसूरत शिल्पकला के साथ पहुंचे हैं। इस शिल्पकला से ब्रह्मसरोवर पर भारत की शिल्पकला को एक साथ देखा जा सकता है। इस प्रकार के सुनहरी अवसर राज्य सरकार के प्रयासों से ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मिल पाएंगे। उन्होंने उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की अंतर्गत पहुंचे शिल्पकारों की कला को निहारा। उन्होंने कई शिल्पकारों से सीधा संवाद करते हुए शिल्पकला के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर विधायक सुभाष सुधा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मीडिया सेंटर का उद्घाटन

पर्यटन मंत्री कंवर पाल व विधायक सुभाष सुधा ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 के मीडिया सेंटर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव 2021 के इस स्वरूप से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सपना साकार हो रहा है। कुरुक्षेत्र पावन और ऐतिहासिक धरती है, इस धरा से भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया और इस धरती पर महाराजा हर्षवर्धन, मां भद्रकाली मंदिर, ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर और कई दर्शनीय स्थल हरियाणा की संस्कृति और धरोहर को तरोताजा कर रहे है। इस पर्यटन स्थली को और आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पर्यटन स्थली को श्री कृष्णा सर्किट के तहत विकसित किया जा रहा है, ज्योतिसर में भगवान श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप स्थापित किया गया है। इसके अलावा 48 कोस के तीर्थों का भी विकास किया जा रहा है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.