पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने अप्रैल से अक्टूबर 2025 की अवधि के दौरान टिकट जांच के क्षेत्र में अपना अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन प्राप्त किया है। इस दौरान लगभग 19 लाख बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों का पता लगाते हुए 121.67 करोड़ रूपये की राजस्व-राशि अर्जित की गई। इसमे अनबुक्ड लगेज के प्रकरण भी समाविष्ट हैं। यह उपलब्धि गत वर्ष की इसी अवधि में प्राप्त 80.56 करोड़ रूपये की आय की तुलना में 51% की महत्वपूर्ण वृद्धि प्रदर्शित करती है तथा यह रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य से 14% अधिक है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक (Vineet Abhishek) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर 2025 में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 24 करोड़ रूपये से अधिक की आय अर्जित की है, जो इस अवधि का दूसरा सर्वोत्तम मासिक रिकॉर्ड है। पश्चिम रेलवे का सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड मई 2022 में स्थापित हुआ था, जब लगभग 26 करोड़ रूपये की आय प्राप्त हुई थी।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद मंडल ने अक्टूबर 2025 में 50 हजार प्रकरणों का संज्ञान लेकर 4 करोड़ रूपये से अधिक की राशि वसूल कर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ टिकट जांच प्रदर्शन दर्ज किया। इसी क्रम में, मुख्यालय की फ्लाइंग स्क्वॉड ने भी अक्टूबर 2025 में 2.20 करोड़ रूपये का उत्कृष्ट राजस्व अर्जित करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया, जो मई 2022 में प्राप्त 2 करोड़ रूपये के पूर्ववर्ती रिकॉर्ड से अधिक है।
ये भी पढ़े – Maharashtra News: धाराशिव में दर्दनाक सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत; इतने घायल
अक्टूबर 2025 के दौरान पश्चिम रेलवे ने कई दैनिक राजस्व उपलब्धियों के नए रिकॉर्ड भी स्थापित किए। पश्चिम रेलवे द्वारा 17 अक्टूबर 2025 को लगभग 1.40 करोड़ रूपये की आय अर्जित की गई। इसी प्रकार 18 अक्टूबर 2025 को अहमदाबाद मंडल ने 38 लाख से अधिक, तथा रतलाम मंडल ने लगभग 16 लाख का राजस्व प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, 19 अक्टूबर 2025 को मुख्यालय की फ्लाइंग स्क्वॉड ने लगभग 16.30 लाख रूपये की आय दर्ज की।
ये उपलब्धियां पश्चिम रेलवे द्वारा टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने, यात्री अनुशासन को प्रोत्साहित करने हेतु संचालित व्यापक टिकट जांच अभियानों की प्रभावशीलता को दर्शाती हैं।
ये भी देखें
Join Our WhatsApp Community
