महाराष्ट्र में डीजल- पेट्रोल होगा सस्ता, शिंदे सरकार ने की ये घोषणा

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में डीजल-पेट्रोल को जल्द सस्ता करने का प्रयास किया जाएगा।

73

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में कहा कि राज्य में डीजल-पेट्रोल को जल्द सस्ता करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए मंत्री समूह की बैठक में डीजल-पेट्रोल पर लगा वैट कम करने का निर्णय लिया जाएगा।

एकनाथ शिंदे विधानसभा में मुख्यमंत्री बनने के बाद पेश उनके अभिनंदन प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे। शिंदे ने कहा कि महंगाई की वजह से कई राज्यों ने डीजल-पेट्रोल पर वैट कम किया, जिससे उन राज्यों में डीजल और पेट्रोल की कीमतें कम हो गई हैं। लेकिन, महाराष्ट्र में वैट कम नहीं किया गया, इसलिए इसकी कीमतें आसमान छू रही हैं।

आत्महत्या मुक्त राज्य बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र को किसान आत्महत्या मुक्त राज्य बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहने वाली है। वे अपनी सरकार में किसानों के लिए फायदेमंद योजनाएं लाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आप महाराष्ट्र का विकास करो, फंड की कमी आपको नहीं पड़ने दी जाएगी। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि राज्य का विकास आप करें, उनके पीछे वे चट्टान की तरह खड़े रहेंगे। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी महाराष्ट्र में विकास के काम पर जोर देने की बात कहीं है, इसलिए उनका प्रयास सिर्फ महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास का ही रहने वाला है।

फडणवीस का मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस काम में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। शिंदे ने विपक्ष से कहा कि सब कुछ भूलकर अब सिर्फ महाराष्ट्र के विकास के लिए सभी साथ मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर उनकी सरकार बदले की कार्रवाई के तहत काम नहीं करेगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.