ठाकरे सरकार की उल्टी गिनती शुरू, 30 जून को शिंदे गुट पहुंचेगा मुंबई! जानिये, पूरा प्लान

शिवसेना के असंतुष्ट गुट के विधायक 30 जून को मुंबई आएंगे और वे फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेगें। यह जानकारी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने 29 जून को गुवाहाटी में दी है।

95

असम के गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल में पिछले 9 दिनों से डेरा डाले शिवसेना के असंतुष्ट गुट के विधायक 30 जून को मुंबई आएंगे और वे फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेगें। यह जानकारी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने 29 जून को गुवाहाटी में दी है।

एकनाथ शिंदे ने 29 जून की सुबह गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे अपने समर्थक विधायकों के साथ 30 जून को मुंबई लौटेंगे और फ्लोर टेस्ट में शामिल होंगे।

राज्यपाल ने पत्र भेजकर फ्लोर टेस्ट कराने का दिया आदेश
बता दें कि भाजपा की मांग पर और प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने महाविकास आघाड़ी सरकार को पत्र भेजकर 30 जून को फ्लोर टेस्ट कराने को कहा है। उनके इस पत्र के बाद 30 जून को शाम पांच बजे से पहले सरकार के लिए फ्लोर टेस्ट कराना अनिवार्य है। इसे देखते हुए राजनैतिक सरगर्मियां काफी तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार 30 जून को 11 बजे विशेष अधिवेशन की शुरुआत होगी और पांच बजे फ्लोर टेस्ट होगा।

विपक्ष ने की थी राज्यपाल से मुलाकात
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र की वर्तमान स्थिति पर कदम उठाया है। नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मिलकर महाविकास आघाडी से सरकार से बहुमत सिद्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में फडणवीस ने राज्यपाल को एक पत्र दिया है। 29 जून की शाम को भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, आशीष शेलार ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भेंट की। इस भेंट में भाजपा की ओर से राज्यपाल को सूचित किया गया कि, महाविकास आघाड़ी सरकार के पास बहुमत नहीं है। इसलिए सरकार अपना बहुमत सिद्ध करे।

यह भी पढ़ें-उदयपुर हत्याकांडः अब जागी गहलोत सरकार, पीड़ित परिवार के लिए की ये घोषणा

30 जून को मुंबई लौटेंगे असंतुष्ट गुट के विधायक
महाराष्ट्र की राजनीति में 21 जून से चल रही अस्थिरता की स्थिति शीघ्र ही समाप्त हो सकती है। भाजपा ने राज्यपाल को पत्र देकर शिवसेना प्रणित महाविकास आघाड़ी सरकार से फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है। इस मांग से बदली परिस्थितियों में पिछले 9 दिनों से बाहर गए शिवसेना के 39 असंतुष्ट विधायक 30 जून को दोपहर तक लौटेंगे।

दो फाड़ होने की कगार पर शिवसेना
शिवसेना दो फाड़ होने की कगार पर है। कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी के 39 विधायक और विपक्ष के विधायकों को लेकर गुवाहाटी के होटल में टिके हुए हैं। वे लगातार भाजपा के साथ सरकार बनाने की मांग शिवसेना पक्षप्रमुख से कर रहे हैं। उनका और उनके साथ गुवाहाटी में टिके विधायकों का कहना है कि, एनसीपी और कांग्रेस उनकी पार्टी को समाप्त कर रही है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी उनकी नेचुरल अलाइ है, जिसके साथ उन्होंने चुनाव लड़ा था। उसके साथ गठबंधन करना चाहिए। इस बीच विपक्ष द्वारा बहुमत सिद्ध करने की मांग किये जाने के बाद अब गुवाहाटी में शरण लिए शिवसेना के 39 विधायक वापस आ रहे हैं।

 

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.