केंद्रीय मंत्री राणे ने शिवसेना पर लगाया गुंडागर्दी करने का आरोप, राणा दंपति के लिए की यह मांग

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के आशीर्वाद से शिवसेना कार्यकर्ता भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं।

176

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने महाराष्ट्र पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि शिवसेना कार्यकर्ता पुलिस की सुरक्षा में गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में शिवसेना नेताओं द्वारा शुरू की गई गुंडागर्दी को पुलिस नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब राज्य की जनता समझ रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देने वाली है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने 23 अप्रैल को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के आशीर्वाद से शिवसेना कार्यकर्ता भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं। राणे ने कहा कि शिवसेना के नगर निगम मामलों का पंचनामा कर रही भाजपा द्वारा निकाली गई पोलखोल यात्रा पर हमला किया गया। मोहित कंबोज के वाहन पर भी हमला किया गया।

इन नेताओं पर धमकी देने का आरोप
राणे ने कहा कि शिवसेना की गुंडागर्दी को पुलिस नजरअंदाज कर रही है। शिवसेना कार्यकर्ता विधायक रवि राणा और सांसद नवनीत राणा के घर भी गए और हमला किया, लेकिन पुलिस ने कोई कारगर कदम नहीं उठाया। राणा दंपति को सांसद संजय राउत, राज्य मंत्री अनिल परब खुलेआम धमकी दे रहे हैं, लेकिन पुलिस व्यवस्था इनके खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं दिखा रही है।

भेदभाव न करने की मांग
राणे ने कहा कि नवनीत राणा भी सांसद हैं, इसलिए जिन धाराओं के तहत शरद पवार के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, उन्हीं धाराओं के तहत नवनीत राणा के घर पर हुए हमले में शिवसैनिकों पर मामला दर्ज किया जाना चाहिए। नारायण राणे ने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा आम जनता के बीच जाएगी और जोरदार आंदोलन करेगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.