12.15 बजे रात तक चला ‘नाना’ का कार्यक्रम! बड़ा सवाल, क्या होगी कार्रवाई?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले विवादों के जन्मदाता हैं। एक विवाद खत्म नहीं होता कि अपने बयानों से दूसरे विवाद को जन्म दे देते हैं।

98

महाराष्ट्र के लोनावला में पुणे जिला के तालुका स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले पांच घंटे देर से पहुंचे। पांच घंटे देर से पहुंचे, यहां तक तो ठीक था, लेकिन यह सम्मेलन रात 12.15 बजे तक चलना अपनी ही सरकार के कानून को ठेंगा दिखाने जैसा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले विवादों के जन्मदाता हैं। एक विवाद खत्म नहीं होता कि अपने बयानों से दूसरे विवाद को जन्म दे देते हैं। लोनावला के इस सम्मेलन में भी उन्होंने अपनी ही सहयोगी पार्टियों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना पर जमकर निशाना साधा।

क्या होगी कार्रवाई?
लोनावाला में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पांच घंटे देर से पहुंचने के बाद रात 12.15 बजे तक सम्मेलन का आयोजन करना अपने आप में जुर्म है। अब सवाल यह उठता है कि क्या नाना के खिलाफ इसके लिए कार्रवाई होगी या फिर आम आदमी के लिए कानून अलग है और पार्टी के नेता-मंत्री के लिए अलग?

नाना ने साधा अजित पवार पर निशाना
इस सम्मेलन में पटोले ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं बोलूंगा तो बोलूंगा, पीछे नहीं हटूंगा। मुख्यमंत्री ने अपने शिवसैनिकों को आत्मनिर्भर बनने का नारा दिया है, अगर मैं भी यही बात कहूं तो उनके लिए यह एक समस्या होगी। नाना पटोले ने कहा कि पुणे के पालक मंत्री बारामती के हैं। वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कोई काम नहीं आते। अपनी पार्टी का काम होने पर वे जी-जान लगा देते हैं। इस तरह जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पालक मंत्री त्रास देते हैं, उसे आप लोग ताकत बनाइए और कांग्रेस का पालक मंत्री बनाकर दिखाइए। नाना ने इस तरह की सलाह देकर उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर निशाना साधा। इनके इस बयान के बाद ‘दादा’ नाराज हो सकते हैं।

बारामती के लोगों में गुस्सा
पटोल ने आगे कहा कि बारामती में कांग्रेस के काफी समर्थक हैं। लेकिन उन्हें सामने लाने के लिए मुझे योजना बनानी होगी। वहां लोगों पर हो रहे अत्याचार को लेकर लोगों में गुस्सा है। मुझे इस बारे में जानकारी है। बहरहाल अगर हमें आगे बढ़ना है तो दुश्मन के घर में जाकर उसे पटखनी देनी होगी।

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्रः विधानसभा अध्यक्ष पद पर पवार का बड़ा बयान!

शिवसेना के लिए कही यह बात
पटोले ने कहा कि शिवसेना सांसद संजय राउत की एकला चलो रे की नीति गलत नहीं है। हर किसी को अपने दम पर आगे बढ़ने का अधिकार है। नाना ने कहा कि पिंपरी चिंचवड कांग्रेस अध्यक्ष पद पर जल्द ही नियुक्ति की जाएगी।

पंकजा मुंडे पर कसा तंज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस सम्मेलन में भाजपा नेता पंकजा मुंडे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोनावला में चिक्की बहुत प्रसिद्ध है, लेकिन पिछली सरकार में यह अधिक प्रसिद्ध थी। अब आप देखिए, उस चिक्की का क्या हुआ। बता दें कि युति सरकार में हुए चिक्की घोटाले में पंकजा मुंडे का नाम आया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.