एक लाख सरकारी पदों पर भर्तियां करेगी मध्य प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

85

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बैठक में विभिन्न विभागों में एक लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियां करने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को मंत्रालय में हुई बैठक में कहा कि जहां एक ओर कौशल विकास प्रशिक्षण, स्व-रोजगार के क्षेत्र में अवसर वृद्धि और ऋण-अनुदान योजनाओं से युवाओं के लिए जीविका के साधन निर्मित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं शासकीय विभागों में रिक्तियों की जानकारी एकत्र की गई है। राज्य सरकार लगभग एक लाख रिक्त पद इस वर्ष अभियान चलाकर भर्ती करने जा रही है।

बैठक में सामान्य प्रशासन ने बताया कि 21 बड़े विभागों में 93 हजार 681 पद रिक्त हैं। इनकी पूर्ति के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताया गया कि स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग में विभिन्न श्रेणी के लगभग 30 हजार रिक्त पद हैं, साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों को मिलाकर लगभग एक लाख पदों पर भर्ती हो सकेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने अन्य विभागों को भी रिक्तियों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपूर्ण कार्रवाई के संचालन के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें – इस तिथि को लखनऊ होकर चलेगी डिब्रूगढ़-जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन! देखिये,पूरा टाइम टेबल

मुख्यमंत्री चाैहान ने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपने और उनकी भर्ती के लिए मिशन मोड कार्य पर करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इन पदों पर नियुक्तियां होने से विभागीय कामकाज ज्यादा सुचारू हो सकेगा। उन्होंने निर्धारित भर्ती एजेंसी से संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही को अंजाम देने का भी निर्देश दिया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.