Lok Sabha Elections: योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी का किया चुनाव प्रचार, पाकिस्तान के लिए कही ये बात

सीएम ने जम्मूवासियों से अयोध्या आने का आग्रह भी किया। सीएम ने कहा कि देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। हम यूपी में कोई संकोच नहीं करते हैं।

62
CM Yogi will hold public meetings

Lok Sabha Elections: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव-2024 के लिए प्रचार करने पहली बार जम्मू संभाग के जिला कठुआ में पहुंचे। 10 अप्रैल को योगी आदित्यनाथ ने उधमपुर से सांसद व भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह के पक्ष में कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया।

भव्य राम मंदिर का निर्माण
योगी आदित्यनाथ ने यहां मोदी सरकार के कार्यों का जिक्र किया और विपक्षी पार्टियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। सीएम ने जम्मू वासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्हें जम्मू की धरती को आराध्य देवों, ऋषि मुनियों की साधना स्थली, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए बलिदान करने वालों की भूमि बताया। सीएम योगी ने कहा कि एक्सीडेंटल हिंदुओं ने तो राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। इन लोगों ने राम-कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर हमारे आराध्य देवों को नकारने का प्रयास किया लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण भी हो गया।

चारो ओर उत्साह
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद की जड़ धारा-370 को समाप्त कर साबित कर दिया कि दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है। यह क्षेत्र विकास की मुख्य धारा से जुड़ा है। जब जम्मू-कश्मीर की बात आती है तो भारत का मुकुट हर व्यक्ति गर्व से देखना चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सत्तालोलुपता ने आजादी के एक दिन पहले देश का विभाजन करा दिया लेकिन हमने स्वतंत्र भारत में हमेशा एक ही धर्म माना, वह है राष्ट्रधर्म। राष्ट्र हमारे लिए सर्वोपरि है। मेरी व्यक्तिगत आस्था कुछ भी होगी, यदि वह राष्ट्र के मार्ग में बाधक है तो उसे दरकिनार कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे लिए देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता व अखंडता सर्वोपरि है।

80 करोड़ लोगों को फ्री राशन
सीएम योगी ने कहा कि 140 करोड़ लोगों में से 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। अगले पांच वर्ष तक यह सुविधा मिलेगी तो दूसरी तरफ 1947 में भारत से अलग हुआ पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनिया के अंदर भीख मांगता दिखाई दे रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत का आज दुनिया में सम्मान है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि पाकिस्तानी घुसपैठ करके हमारी सुरक्षा में सेंध लगाएगा। अब पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि मेरा हाथ नहीं है। उसे मालूम है कि कुछ हो गया तो लेने के देने पड़ेंगे। मजबूत सरकार होती है तो सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होती है।

हिंदू बोलने में करते थे संकोच
सीएम ने कहा कि पहले लोग खुद को हिंदू बोलने में भी संकोच करते थे। अयोध्या का नाम लेने में लोग डरते थे। 2017 में जब मैं उप्र का मुख्यमंत्री बना तो अयोध्या गया। अचरज होकर लोगों ने कहा कि यह क्या कर रहे हैं, कुछ लोग नाराज हो जाएंगे। मैंने कहा कि हो जाएंगे तो होने दो। मैं जनआस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। सीएम ने कहा कि मोदी जी को देश की बागडोर सौंपने का श्रेय आपको जाता है। यदि जनता वोट नहीं देती तो हम देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को नहीं संभाल पाते। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान परस्त आतंकवादी तबाही मचाए थे तो यूपी में सत्ता के संरक्षण में अराजकता होती थी।

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री मोदी की राजकोट में 22 अप्रैल को पहली सभा, जानिये पूरा कार्यक्रम

अयोध्या आने पर किया आग्रह
सीएम ने जम्मूवासियों से अयोध्या आने का आग्रह भी किया। सीएम ने कहा कि देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। हम यूपी में कोई संकोच नहीं करते हैं। यूपी में कोई दंगा करता है तो उल्टा लटकाकर टांग देते हैं। बहुत ज्यादा कोई बकबक करता है तो नीचे से मिर्च का झोंका लगा दिया जाता है। सीएम ने कहा कि लोग क्षेत्र, जाति, भाषा आदि वाद की बात करने आएंगे पर हमें किसी वाद में नहीं फंसना है। बहुत खोया है, अब पाने का समय आया है। देश को मजबूत करने का समय आया है।

कठुआ को विकासधारा से जोड़ा
योगी ने कहा कि कठुआ को विकासधारा से जोड़कर वर्तमान व भावी पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य देना है। पहले जम्मू-कश्मीर को लोगों ने भगवान भरोसे छोड़ दिया था पर दस वर्ष में यहां एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, प्रौद्योगिकी संस्थान बन गए हैं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अशोक कौल, प्रदेश महासचिव डॉ. डीके मनाल, सुनील सेठी, पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया आदि मौजूद रहे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.