राजस्थान कांग्रेस में बढ़ी रार, सरकार से जवाब मांग रहे पायलट पर गहलोत गुट ने शुरू किए प्रहार

राजस्थान कांग्रेस में रार बढ गई है। सचिन पायलट जहां अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है, वहीं अब गहलोत गुट ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है।

146

राजस्थान की कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रही तकरार ने दोनों खेमों के बीच खींचतना बढ़ा दी है। सचिन पायलट ने जयपुर में जनसभा करके तीन मुद्दों को उठाया है और उन मुद्दों पर काम नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पायलट के इस कदम के बाद गहलोत समर्थकों ने पायलट पर जुबानी हमला शुरू कर दिया है।

महेश जोशी का पायलट पर पलटवार
जलदाय मंत्री महेश जोशी ने ट्वीट करके पायलट पर पलटवार किया। जोशी ने लिखा- अत्यंत आश्चर्यजनक और खेदजनक है कि कुछ जिम्मेदार लोग अपनी ही सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। अपनी ही सरकार पर आरोप लगाने से पहले उन्हें ये सोचना था कि वे ये आरोप खुद पर भी लगा रहे हैं। आरोप लगाने वालों को ये अच्छे से पता है कि जब कभी भी भ्रष्टाचार की बात सामने आई है तो मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सशक्त चोट की है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई इस बात पर प्रकाश डाल रही है कि भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा हो, एसीबी द्वारा बेहिचक और बड़ी सख्ती से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने किया ट्वीट
राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने ट्वीट किया, कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ ऐतिहासिक एक्शन हुए हैं। पिछली सरकार के गलत फैसलों के खिलाफ राज्य सरकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी और सभी मामलों का निस्तारण हुआ और कार्रवाई की गई। जाट ने आगे लिखा- वसुंधरा सरकार के समय के खनन आवंटन, बजरी खनन और ईरानी कालीन प्रकरण पर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है। ललित मोदी का मामला ईडी के पास लंबित है। पेपर लीक में आरपीएससी सदस्य तक को जेल में डाला गया है। युवाओं के भविष्य के लिए विशेष कानून बनाया और एसटीएफ का गठन किया गया है। करीब पौने दो लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है। एसीबी ने रिकॉर्ड कार्रवाई की और भ्रष्टाचारियों को जेल में डाला है।

मंत्री सुभाष गर्ग ने साधा निशाना
मंत्री सुभाष गर्ग ने नाम लिए बिना पायलट खेमे पर निशाना साधा। गर्ग ने ट्वीट किया, ये बात आलाकमान जानता है या नहीं कि सरकार रिपीट न हो इस बात की सुपारी किस-किस ने ली है? प्रदेश में बजट व महंगाई राहत कैम्प अभियान के बाद जो माहौल बना है वो सुपारी लेने वालों के गले नहीं उतर रहा है।

विधायक चेतन डूडी ने लगाया आरोप
डीडवाना से विधायक चेतन डूडी ने पायलट पर युवाओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया। डूडी ने कहा- पायलट के तीनों मुद्दे समझ से परे, युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। चेतन डूडी ने पायलट पर इशारों में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलीभगत का आरोप लगाया। चेतन डूडी ने ट्वीट किया- राजस्थान में सबसे बड़ा संजीवनी घोटाला है, इसमें लाखों लोगों के घर लुट गए। रैली में संजीवनी घोटाले के प्रमुख आरोपी का नाम भी नहीं लिया और रैली के बाद प्रमुख आरोपी ने पायलट साहब की तारीफ में ट्वीट किया। यही आज की रैली की सच्चाई है, क्योंकि दोस्ती तो मानेसर के समय से ही है।

विधायक चेतन डूडी ने लगाया आरोप
चेतन डूडी ने लिखा- सचिन पायलट ने जिन तीन मुद्दों को उठाया वो अव्यवाहारिक और समझ से परे हैं। क्या आपको पता नहीं कि आरपीएससी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। जो कभी भी भंग नहीं की जा सकती? आरपीएससी सदस्य का तो इस्तीफा भी राष्ट्रपति द्वारा मंजूर किया जाता है। आप क्यों युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं?

प्रधानमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद पर लगाम लगने का किया दावा, बताया ये कारण

-डूडी ने आगे लिखा- पायलट साहब बताएं कि वसुंधरा सरकार के कौनसे मामले अब भी पेंडिंग हैं, जिनकी वो जांच करवाना चाह रहे हैं। क्योंकि सरकार आते ही सबसे पहले हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट से इन मामलों का निस्तारण हो चुका है। सभी खानें भी निरस्त हो चुकी हैं। राजस्थान में पेपर लीक पर 150 से ज्यादा लोगों को जेल में डाला गया है। पेपर लीक पर विशेष कानून और एसटीएफ बनाई गई है। यहां प्रतियोगी परीक्षा ना हो पाने पर एग्जाम फीस वापस हुई है। अब सरकारी भर्तियों में वन टाइम रजिस्ट्रेशन लागू किया है। इसके बाद परीक्षाओं की कोई फीस नहीं ली जाएगी।

-डूडी ने लिखा कि, पेपर लीक पर मुआवजा देने की मांग सिर्फ अपनी झूठी वाहवाही के लिए है, क्योंकि ऐसा किसी राज्य में नहीं होता। आज तक इतिहास में किसी नेता ने ऐसी मांग नहीं की। जितनी कड़ी कार्रवाइयां पेपर लीक पर राजस्थान में हुई है, वो दूसरे किसी राज्य में नहीं हुई है। ये युवा अच्छे से जानते हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.