राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिले अजीत डोभाल, सुरक्षा मुद्दे पर हुई चर्चा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे के पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुंबई में हैं। शनिवार दिनभर शहर में बैठकों और अनौपचारिक भेंट का सिलसिला चलता रहा।

97

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने शनिवार को मुंबई में राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलकर सुरक्षा मुद्दे पर चर्चा की। डोभाल ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस महानिदेशक रजनीश सेठ से भी मुलाकात की। पिछले कुछ दिनों से मुंबई पर आतंकी हमले की धमकियों के मद्देनजर डोभाल का मुंबई दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, डोभाल ने पुलिस महानिदेशक रजनीश सेठ से मुलाकात की। उनके साथ सुरक्षा के मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण बैठक भी की, जिसमें राज्यभर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक से पहले डोभाल ने राजभवन में राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात की। इसके बाद वर्षा बंगले में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ 45 मिनट तक चर्चा की। साथ ही सागर बंगले में उप मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि डोभाल ने मुख्यमंत्री आवास “वर्षा” में स्थापित भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री शिंदे ने उनको फूलों का गुलदस्ता और शॉल भेंट कर स्वागत किया। दस दिवसीय गणेशोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री आवास में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी।

यह भी पढ़ें – अणुव्रत की तरह अभिषेक की रातें भी गुजरेंगी जेल में : दिलीप घोष

डोभाल के मुंबई आने का कारण
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को मुंबई दौरे पर हैं। अमित शाह मुंबई में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री के आवास पर विराजमान भगवान गणेश के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल में भी जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। इस दृष्टि से भी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का मुंबई दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालाकि अमित शाह इससे पहले भी गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में भगवान गणेश के दर्शन करते रहे हैं, लेकिन इस बार हाल ही में रायगढ़ जिले के समुद्रतट पर संदिग्ध नाव पर एके-47 और हथियार मिलने को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इस पृष्ठभूमि में डोभाल का मुंबई दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.