शिवसेना की पूर्व विधायक तृप्ति बाला सावंत महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। फडणवीस की उपस्थिति में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। विधायक नितेश राणे ने उनके पार्टी में शामिल होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर, भाजपा मुंबई अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक अतुल भातखलकर और मयूर बागोरिया उपस्थित थे।
बता दें कि तृप्ति सावंत बाद्रा पूर्व विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसी क्षेत्र में शिवसेना के कार्याध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का आवास स्थित है।
तृप्ति काफी पहले से शिवसेना से नाराज चल रही थीं। 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनकी जगह इस क्षेत्र से विश्वनाथ महाडेश्वर को उम्मीदवार बनाया था। उस समय तृप्ति सावंत ने बगावत कर दी थी। इस वजह से महाडेश्वर की हार हुई थी। अब उन्होंने भाजपा में शामिल होकर शिवसेना को बड़ा झटका दिया है।
मुंबई पुलिस के गिरफ्तार सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाझे प्रकरण के बाद से ही परेशानी में फंसी शिवसेना के लिए यह एक बड़ा राजनैतिक नुकसान माना जा रहा है। भाजपा तृप्ति सावंत के बहाने उनके ही घर में उद्धव ठाकरे को पटखनी देना चाहती है।