जोधपुर में तनाव बरकरार, 10 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू, इंटरनेट सेवा भी बंद! जानें, पूरा हाल

जोधपुर शहर में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में तनाव में तब्दील हो गया।

83

ईद से पहले 2 मई की रात भीतरी शहर में जालौरी गेट पर एक समुदाय द्वारा की जा रही सजावट के बाद तनाव हो गया। झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में तनाव में तब्दील हो गया। पुलिस ने रात को किसी तरह मामला संभाला लेकिन सुबह फिर तनाव बढ़ गया। इसी को देखते हुए प्रशासन ने जोधपुर के 10 थाना क्षेत्रों में 4 मई तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। उधर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है।

शांति बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव और जोधपुर प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, एसीएस होम अभय कुमार, एडीजी लॉ एन्ड आर्डर हवा सिंह घुमरिया को तनाव की स्थिति के मद्देनजर हेलीकॉप्टर से जोधपुर जाने को निर्देश दिए हैं। तनावग्रस्त हालात के बाद अलसुबह प्रशासन ने जिले में इंटरनेट सेवा को सस्पेंड कर दिया है।

ये भी पढ़ें – अक्षय तृतीया: विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई श्रद्धा की डुबकी, की ये कामना!

ध्वज हटाने की बात को लेकर दो गुटों में फिर तनाव बढ़ा
3 मई सुबह ईद की नमाज के बाद जालौरी गेट सर्किल पर ध्वज हटाने की बात को लेकर दो गुटों में फिर तनाव बढ़ा। भारी पुलिस बल भी तैनात है। इसके बावजूद महानगर के आधे शहर में पूर्णत: शांति व्याप्त है लेकिन भीतरी शहर अशांत है। आज सुबह नमाज के बाद बढ़े तनाव से पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान उपद्रवियों ने दर्जनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दी। कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। इससे कबूतर चौक से लेकर भीतर सुनारों का बास तक तनाव का माहौल है।

स्थिति को काबू करने के निर्देश 
डीसीपी वेस्ट वंदिता राणा के मुताबिक तनाव के मद्देनजर पुलिस आयुक्तालय ने शहर के जिला पूर्व और पश्चिम के पांच-पांच थाना क्षेत्रों उदयमंदिर, नागोरी गेट, सदर कोतवाली, सदर बाजार, सूरसागर, सरदारपुरा, खांडाफलसा, प्रतापनगर, देवनगर, प्रतापनगर सदर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कमिश्नरेट में 28 थाने हैं।स्थिति को नियंत्रण करने के लिए मुख्यमंत्री ने गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर हवासिंह घुमरिया को तत्काल जोधपुर जाकर हालात को काबू करने के निर्देश दिए हैं।

 इंटरनेट सेवा सस्पेंड
शहर का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील है। पुलिस जालोरी गेट सर्किल से लेकर बंबा मोहल्ला तक रूट मार्च कर रही है। दोपहर में भीतरी शहर के कबूतरों का चौक, सुनारों का बास और घोड़ों का चौक में स्थिति तनावपूर्ण है। आज सुबह ईद की नमाज के बाद जालोरी गेट सर्किल में हुए विवाद से फिर तनाव हो गया। उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस को इससे निपटने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। महिलाओं से भी बदसलूकी की गई। फिलहाल भीतरी शहर में तनाव व्याप्त है। इधर, रात को हुए तनावग्रस्त हालात के बाद सुबह प्रशासन की तरफ से इंटरनेट सेवा सस्पेंड कर दिया गया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.