महिला पहलवानों के यौन शोषण मामलाः महिला कोच ने चंडीगढ़ पुलिस पर लगाया यह आरोप

महिला कोच ने कहा कि वह पंचकूला के सेक्टर-12 में एक किराए के मकान में रह रही हैं। इस विवाद के बाद मकान मालिक भी कुछ लोगों के इशारे पर उन्हें प्रताडि़त कर रहा है।

103

हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला कोच 20 जनवरी को फिर से मीडिया के सामने आईं और चंडीगढ़ पुलिस पर आरोप लगाते हुए उसकी जांच पर सवाल उठाए। महिला कोच ने हरियाणा की एसआईटी पर भी खानापूर्ति का आरोप भी लगाया। अपनी सहयोगी महिला कर्मचरियों व अधिकारियों पर चरित्र पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए महिला कोच ने 20 जनवरी को खेल विभाग के निदेशक को भी लिखित शिकायत दी है।

महिला कोच ने बताया कि उन्होंने 29 दिसंबर को चंडीगढ़ पुलिस को मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ शिकायत दी थी। जिसके आधार पर 31 दिसंबर को संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने से लेकर अब तक एसआईटी द्वारा उनसे छह बार कई-कई घंटे पूछताछ की जा चुकी है। वह हर बार जांच में शामिल हुई है। पूछताछ के करीब एक सप्ताह बाद भी जब चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी को कार्रवाई के बारे में पूछा जाता है तो उसे कोई जवाब नहीं मिल रहा है। महिला कोच ने कहा कि मामला दर्ज होने के बावजूद संदीप सिंह खुलेआम कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इससे साफ है कि चंडीगढ़ पुलिस ने दबाव में आकर जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

पुलिस पर लगाया आरोप
महिला कोच ने कहा कि पुलिस जांच से उनका विश्वास उठ चुका है। वह बहुत जल्द इंसाफ के लिए अदालत की शरण में जाएंगी। उन्होंने कहा कि केस वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। यही नहीं मंत्री के इशारे पर विभाग में काम करने वाली महिला कर्मचारी उन्हें चरित्रहीन साबित करने पर तुली हुई हैं।

दी है लिखित शिकायत
साथी महिला कर्मचारी खुलेआम मंत्री के पक्ष में बात करते हुए उनके चरित्र पर उंगली उठाकर मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रही हैं। महिला कोच ने बताया कि उन्होंने इस बारे में खेल विभाग के निदेशक को लिखित शिकायत भी दी है। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया है।

मकान मालिक कर है प्रताड़ित
महिला कोच ने कहा कि वह पंचकूला के सेक्टर-12 में एक किराए के मकान में रह रही हैं। इस विवाद के बाद मकान मालिक भी कुछ लोगों के इशारे पर उन्हें प्रताडि़त कर रहा है। मकान मालिक लगातार मकान खाली करने के लिए दबाव बना रहा है। उन्हें अपने ही घर में घुसने नहीं दिया जा रहा है। महिला कोच ने कहा कि मंत्री के खिलाफ शिकायत देने के बाद वह हर तरफ से घिर गई हैं। उनके चरित्र पर संदेह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाए बगैर शांत नहीं होंगी। बहुत जल्द अगली कार्रवाई की जाएगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.