मॉनसून की पहली आहट में मातम, मुंबई के मालवणी में इमारत ढही,11 लोगों की मौत

मुंबई में मॉनसून के आगमन के साथ ही इमारतों के ध्वस्त होने की शुरुआत हो गई है।

95

मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालवणी क्षेत्र में एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा धराशाई हो गया। यह मलबा पास की दो मंजिला चॉल पर गिरा जिससे बड़ा नुकसान हो गया। इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, मुंबई मनपा का आपत्ति व्यवस्थापन विभाग पहुंचा। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत और 7 लोगों के घायल होने की जावकारी मिली है।

रात लगभग 11.31 मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को मालवणी गैट क्र. 8 के न्यू कलेक्टर कंपाउंड के प्लॉट नंबर 72 में एक इमारत के धराशाई होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग, एंबुलेंस और मुंबई मनपा का दल घटना स्थल पर पहुंचे। दमकल विभाग ने इसे लेवल 2 की घटना बताया। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू हो गया था। दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 7 लोगों के घायल होने का समाचार है।

मालवणी के गेट नंबर एक से लेकर अंदर गायकवाड नगर तक की बस्ती में चॉल हैं, बीच-बीच में कुछ इमारतें भी हैं। परंतु, इस क्षेत्र में चॉल के रूम भी लोगों ने दो से तीन मजलों के बना लिये हैं। इनमें से अधिकांश चॉल कलेक्टर लैंड पर बनी है। चॉल के बहुमंजिला बनने के कारण इस क्षेत्र में निर्माण का स्तर और उचित मरम्मत न हो पाना बड़ी परेशानी है। जिस चार मंजिला इमारत के गिरने से दुर्घटना हुई है उसके विषय में अभी जानकारी की प्रतिक्षा है।

एक दिन पहले ही बांद्रा के खेरवाड़ी में भी इमारत गिरी थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में ग्यारह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.