Sikkim: उत्तरी सिक्किम में 29 मई की देर रात हुई वाहन दुर्घटना के बाद लापता हुए नौ यात्रियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कल रात वाहन दुर्घटना के बाद से खोज और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। खोज एवं बचाव कार्य आज पूरे दिन भी जारी रहा। कल रात दुर्घटना स्थल से दो लोगों को बचाया गया, जबकि नौ अभी भी लापता हैं।
चुंगथांग पुलिस के अनुसार 29 मई की रात करीब 8 बजे लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर छुबांबू और मुंशीथांग के बीच एक टैक्सी सड़क से तीस्ता नदी में गिर गई। वाहन में टैक्सी चालक सहित 11 लोग यात्रा कर रहे थे। सभी यात्री भारत के विभिन्न राज्यों से सिक्किम घूमने आये पर्यटक थे और लाचेन से लाचुंग जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर चुंगथांग पुलिस और अन्य बचाव दल दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और खोज एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान दो यात्रियों ओडिशा के जजपुर निवासी साईराज जेना (17) और स्वयम् सुप्रतिम नायक (17) को गंभीर हालत में दुर्घटनास्थल से बचा लिया गया। इन्हें चुंगथांग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद राजधानी के एसटीएनएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।दुर्घटनाग्रस्त वाहन उत्तर सिक्किम के सिंघिक, मंगन निवासी पासांग डी. शेरपा चला रहे थे।
पुलिस के अनुसार अन्य लापता पर्यटकों में ओडिशा के जजपुर निवासी इत्शिरी जेना (46), अजित कुमार नायक (45), सुनिता नायक (42) शाहिल जेना (21), उत्तर प्रदेश निवासी अंकिता सिंह (26) और कौशलेंद्र प्रताप सिंह (32) तथा त्रिपुरा निवासी स्वपनिल देव (26) और देवज्योति जोय देव (26) हैं। चुंगथांग पुलिस, आईटीबीपी, सेना, एनडीआरएफ और स्थानीय लोग आज पूरे दिन खोज एवं बचाव अभियान में लगे रहे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नदी से निकाला गया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
मंगन जिले के जिलापाल अनंत जैन, पुलिस अधीक्षक सोनम डी. भोटिया, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के डीपीओ कर्मा दोरजी वजीलिंगपा आज दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और खोज एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। आज के लिए खोज और बचाव अभियान स्थगित कर दिया गया है। बचाव अभियान कल सुबह फिर से शुरू होगा।
Join Our WhatsApp Community