मुंबई में ढही इमारत, तीन लोग जिंदा दफन! महाराष्ट्र के इन क्षेत्रों में भी जारी है बारिश का कहर

मुंबई के गोवंडी स्थित शिवाजी नगर के प्लॉट नंबर 3 में दुर्घटना घटी है। दुर्घटना 23 जुलाई को तड़के 4 बजकर 58 मिनट पर घटने की जानकारी मिली है।

88

भारी बारिश के कारण एक बार फिर मुंबई में बड़ी दुर्घटना हुई है। यहां गोवंडी में एक इमारत के ढह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में 8 लोग घायल हो गए हैं। उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई के साथ ही महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश से तबाही जारी है।

गोवंडी के शिवाजी नगर के प्लॉट नंबर 3 में यह घटना घटी है। दुर्घटना 23 जुलाई को तड़के 4 बजकर 58 मिनट पर घटने की जानकारी मिली है। घटनास्थल पर बीएमसी के कर्मचारियों के साथ ही दमकल विभाग के कर्मी भी मौजूद हैं। युद्ध स्तर पर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। घायलों को सायन के लोकमान्य तिलक मेमोरियल और घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

रायगढ़ में पांच लोगों की मौत
इसके साथ ही रायगढ़ में चार जगहों पर चट्टान खिसकने से पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग लापता बताए गए हैं। महराष्ट्र के सातारा, सांगली, कोल्हापुर और पुणे में भी भारी बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और सड़कों पर कमर तक पानी भर जाने से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

भारी बारिश का सिलसिला जारी
बता दें कि 21 जुलाई की रात में भी भारी बारिश होने से मुंबई और इसके आस पास के शहरों का जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। इसके साथ ही नासिक-कसारा के बीच रेलवे ट्रैक पर मिट्टी खिसकने के कारण इस रुट की रेलवे सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हुई। 22 जुलाई की रात भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा और इसका असर सड़क से लेकर रेल मार्ग तक देखा गया। मौसम विभाग ने 21 जुलाई को मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया था, जबकि 23 जुलाई को ऑरेंड अलर्ट जारी किया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.