मप्रः निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत चार की मौत

मुख्यमंत्री चौहान ने रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम चंदन पिपलिया में तेज बारिश के कारण निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से चार लोगों की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है।

79

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम चंदन पिपलिया में 26 जून की शाम तेज बारिश के चलते एक निर्माणाधीन मकान की दीवार ढह गई। इस हादसे में तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों को सिलवानी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चंदन पिपलिया निवासी विश्राम अहिरवार और मुन्नालाल अहिरवार एक झोपड़ीनुमा कच्चे मकान में रहते थे। मुन्नालाल का प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान स्वीकृत हुआ है। उसके कच्चे मकान से लगकर ही आवास योजना के तहत मकान का निर्माण किया जा रहा था। 26 जून की शाम करीब 4 बजे अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान निर्माणाधीन की दीवार कच्चे मकान पर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल ने मलबा हटाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही तहसीलदार रामजीलाल वर्मा और एसडीओपी राजेश तिवारी सिविल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद वे घटना स्थल पहुंचे।

इनकी गई जान
एसडीओपी राजेश तिवारी ने बताया कि हादसे में आठ वर्षीय संध्या पुत्री विश्राम अहिरवार, पांच वर्षीय रितिक पुत्र अजमेर अहिरवार, एक वर्षीय पूर्वी पुत्री मलखान अहिरवार और 30 वर्षीय अखिलेश पुत्र मुन्नालाल अहिरवार की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय रोशनी पुत्री रोकड़ अहिरवार, 16 वर्षीय रंजना पुत्री मुन्नालाल अहिरवार, 14 वर्षीय शिवानी पुत्री मुन्नालाल अहिरवार और 19 वर्षीय मानकुंअर पुत्र मुन्नालाल अहिरवार घायल हैं। सभी का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। एसडीओपी ने बताया कि घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिये गये हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम चंदन पिपलिया में तेज बारिश के कारण निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से चार लोगों की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवार को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मृतकों में 3 बच्चे और एक युवक शामिल है। चार लोग घायल हुए हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.