मप्रः बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए तीन हेलीकॉप्टर तैनात, मुख्यमंत्री ने लोगों से की ये अपील

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर कमिश्नर आशीष सक्सेना से बाढ़ राहत कार्यों में समन्वय की जानकारी प्राप्त की।

99

मालवा क्षेत्र में हो रही बारिश की वजह से कोटा बैराज से चंबल नदी में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इस वजह से चंबल नदी खतरे के निशान से आठ मीटर ऊपर बह रही है। हालांकि अब कोटा बैराज से चंबल में पानी छोड़ना बंद होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि 25 अगस्त की रात से जल स्तर में कमी आना प्रारंभ हो जाएगी। क्षेत्र में बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए तीन हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। 25 अगस्त की दोपहर मुरैना तहसील के मऊखेड़ा गांव में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला गया।

25 अगस्त को चंबल ने और अधिक रौद्र रूप धारण कर लिया। 24 गस्त  की अपेक्षा 25 अगस्त को जल स्तर करीब ढाई मीटर बढ़ गया। चंबल नदी का जल स्तर राजघाट पुल पर गुरुवार को 146.50 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 138 मीटर से काफी अधिक है। राजघाट पर बना पुराना पुल तो दो दिन पहले ही डूब गया था। 25 अगस्त को नए पुल से भी महज करीब 6 मीटर ही पानी नीचे रह गया।

मुख्यमंत्री की स्थिति की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 25 अगस्त को वल्लभ भवन स्टेट सिचुएशन रूम से प्रदेश में वर्षा की वर्तमान स्थिति, चंबल बेसिन में बाढ़ और राहत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री 24 अगस्त की शाम को चंबल क्षेत्र में अति वर्षा की स्थितियों का जायजा लेने भी गए थे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस से इन जिलों के प्रभावित नागरिकों से अनुरोध किया कि सरकार हर पल आपके साथ है, लेकिन नागरिक खुद भी सजग रहें। जीवन महत्वपूर्ण हैं। ऊंचाई के स्थानों पर जाने के प्रशासन के आग्रह और प्रयास में सहयोगी बनें। उन्होंने बताया कि आमजन को बचाने के लिये तीन हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी की गई है।

ग्वालियर के कमिश्नर ने प्राप्त की जानकारी
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर कमिश्नर आशीष सक्सेना से बाढ़ राहत कार्यों में समन्वय की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अति वर्षा की वर्तमान स्थिति, चंबल बेसिन में बाढ़ और यमुना नदी के बेक वाटर से जल-स्तर बढ़ने और इसके कारण कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनने और संचालित राहत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि प्रभावित इलाकों में आपदा दल निरंतर रेस्क्यू कार्य में लगे हैं।

पीने का पानी सुव्यवस्थित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चंबल संभाग के तीनों कलेक्टर्स से मुख्यमंत्री ने चर्चा की। उन्होंने श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा, भिंड कलेक्टर शैलेंद्र चौहान और मुरैना कलेक्टर बी. कार्तिकेय से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने चंबल संभाग के तीनों कलेक्टर से चंबल नदी के जल-स्तर को लेकर चर्चा की। मुरैना कलेक्टर ने बताया कि चंबल नदी का जल-स्तर लगातार बढ़ा है, लेकिन स्थिति को देखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा सहित संबंधित अधिकारी वल्लभ भवन सिचुएशन रूम में मौजूद थे।

मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश

-अति वर्षा और बाढ़ से आमजन भी सतर्क रहें।

-आमजन से अपील की जाए कि चंबल बेसिन में न जाए, सावधान रहें। प्रशासन के प्रयासों में सहयोग करें।

-प्रशासन खाने के पैकेट और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था रखें।

-जहां जरूरी है वहां दिन में रेस्क्यू करें, रात का इंतजार न करें।

-हेलीकॉप्टर का उपयोग कर लोगों को निकाल कर राहत कैंप में पहुँचाएँ।

-पूरी तरह सावधानी बरतें। समन्वय के साथ काम किया जाए।

-जन-प्रतिनिधियों को साथ लेकर जन-भागीदारी के साथ लोगों की मदद करने में जुटें।

-लोगों को लगातार जागरूक कर सावधानी बरतने को कहे।

-मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही सिचुएशन रूम से लगातार संपर्क में रहें और जो भी जरूरत लगे तुरंत सूचित करें।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.