अब सर्वोच्च न्यायालय पहुंचे परमबीर!… जानिये क्या है मामला

92

मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्ननर परमबीर सिंह और महाराष्ट्र प्रदेश की महाविकास आघाड़ी सरकार के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। सिंह ने इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय का का दरवाजा खटखटाते हुए न्याय की मांग की है। उन्होंने लेटर मामले के साथ ही खुद को मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से हटाए जाने की भी जांच कराने की मांग की है। परमबीर सिंह ने इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने अपने तबादले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।

लेटर बम के बाद परमबीर की फिर एंट्री!
इस बीच पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने होमगार्ड के पुलिस महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है। 22 मार्च को सुबह वे मुंबई के होमगार्ड विभाग के मुख्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। हाल ही में उनका तबादला इस विभाग में किया गया है। इस तबादले से नाराज परमबीर सिंह के लंबी छुट्टी पर जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन उन्होंने इस तरह की खबरों पर विराम लगाते हुए अपना नया पदभार संभाल लिया है।

महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर जिलेटिन की छड़ों से भरी स्कॉर्पियो कार बरामद होने के मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एपीआई सचिन वाझे की गिरफ्तारी के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। इस बीच परमबीर सिंह ने अपना नया पदभार संभाल लिया है।

परमबीर सिंह के लेटर बम के बाद हड़कंप
बता दें कि पहले से ही सचिन वाझे को लेकर महाराष्ट्र के पुलिस बल के साथ ही यहां की राजनीति में भी हड़कंप मचा हुआ था। अब परमबीर सिंह के लेटर बम के बाद विपक्ष का आक्रमण और तेज हो गया है। वह गृह मंत्री अनिल देशमुख को पद से हटाए जाने की मांग कर रहा है।  परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में आरोप लगया है कि गृह मंत्री अनिल देशमख ने पुलिस को हर महीने 100 करोड़ रुपए हफ्ता वसूली का टारगेट दिया था।

फेरबदल से पुलिस बल में नाराजगी
बता दें कि हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह की जगह 1987 बैच के आईपीएस हेमंत नगराले को मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद पर नियुक्त किया है, जबकि परमबीर सिंह को होगार्ड के डीजी के पद पर नियुक्त किया गया है। इस पद पर पहले 1986 बैच के आईपीएस संजय पांडे काम कर रहे थे। पांडे को फिलहाल सुरक्षा विभाग का डीजी बनाया गया है। अपने नये पद से नााज संजय पांडे के लंबी छुट्टी पर जाने की बात कही जा रही है। हालांकि उन्होंने खुद इस बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि उनकी काफी छुट्टियां पेंडिंग थीं, इसलिए वे लंबी छुट्टी पर हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.