आर्केस्ट्रा में मनपसंद गाने पर डांस करने से रोका तो मनबढ़ों ने कर दिया ऐसा कांड

भोजन के बाद दरवाजे पर आर्केस्ट्रा चल रहा था। आधी रात के बाद लगभग साढ़े तीन बजे गांव के कुछ मनबढ़ किस्म के लोग मनपसंद गीत पर डांस की मांग करने लगे।

86

जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के बभनौली डिहवा गांव में 4 जून देर रात आर्केस्ट्रा में मनपसंद गाने पर डांस न करने देने से नाराज मनबढ़ों ने आयोजकों को लाठी डंडे से जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से घायल एक आयोजक की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह है मामला
सिकरारा थाना के बभनौली डिहवा गांव निवासी अवकाश प्राप्त होमगार्ड इंद्रजीत बिंद-63 वर्ष, की पौत्री की शादी की 4 जून को सालगिरह थी। इस मौके पर कार्यक्रम चल रहा था। भोजन के बाद दरवाजे पर आर्केस्ट्रा चल रहा था। आधी रात के बाद लगभग साढ़े तीन बजे गांव के कुछ मनबढ़ किस्म के लोग मनपसंद गीत पर डांस की मांग करने लगे। आरोप है कि वे अश्लील गीत की फरमाइश कर रहे थे। जिसपर आयोजक इंद्रजीत आर्केस्ट्रा बंद कराने लगे, इसे लेकर उनका और उनके परिजनों व रिश्तेदारों का आरोपियों से विवाद हो गया।

मनबढ़ों ने कर दिया हमला
आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और तलवार लेकर हमला बोल दिया। मनबढ़ों ने घर में घुसकर परिजनों और रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में इंद्रजीत और उनकी पत्नी कलावती 58 वर्ष, दामाद संतोष बिंद 35 वर्ष, राहुल बिंद 30 वर्ष, अजीत बिंद 18 वर्ष, शैलेन्द्र बिंद 25 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सिकरारा थानाध्यक्ष विवेक तिवारी के साथ पहुंची 112 नम्बर पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने घायल इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मनबढ़ युवकों ने दर्जनभर वाहनों और टेंटहाउस की कुर्सियों को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। रविवार सुबह से ही मौके पर सीओ सदर रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष विवेक तिवारी भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ तैनात हैं।

छह आरोपी गिरफ्तार
घटना के संबंध में 5 जून को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात गांव में शादी के सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम में गांव के लोग एकत्रित थे, जहां देर रात फरमाइशी गाने पर डांस करने को लेकर मारपीट हुई, जिसमें दर्जन भर लोग घायल हैं। आयोजक इंद्रजीत भी मारपीट के दौरान घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दौरान छह नामजद लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.