जानिये… सांसद पुत्र पर फायरिंग मामले में क्या है नया खुलासा?

भारतीय जनता पार्टी के सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष को गोली लगने के बाद ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने आयुष के साले आदर्श को हिरासत में ले लिया है।

75

उत्तर प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष को 2 मार्च की रात गोली लगने के बाद ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आयुष लखनऊ के छठा मील में अपने साले के साथ देर रात टहलने निकले थे। उसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उन्हें गोली लग गई। इस मामले में पुलिस ने आयुष के साले आदर्श को हिरासत में ले लिया है।

अपने बेटे को गोली लगने की खबर मिलते ही सांसद कौशल किशोर पत्नी जयदेवी के साथ तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। आयुष की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं जारी किया गया है।

सीसीटीवी से हुआ खुलासा
प्राथमिक जांच में पता चला है कि जिस स्थान पर आयुष को गोली मारने की बात सामने आई है, वहां लगे सीसीटीवी में कोई अन्य व्यक्ति नजर नहीं आया। पुलिस ने आयुष के साले आदर्श को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ में आदर्श ने स्वीकार किया है कि आयुष के कहने पर उसने गोली चलाई थी। उसने बताया कि आयुष अपने विरोधियों को फंसाना चाहते थे, इसलिए उसने उनके कहने पर गोली चलाई थी। पुलिस ने आदर्श के पास से हथियार भी बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ेः भीमा कोरेगांव मामलाः क्या गौतम नवलखा को आज मिलेगी जमानत?

आदर्श ने बताई पूरी बात
आदर्श ने अब तक के पूछताछ में बताया है कि सांसद के बेटे ने कहा था कि किसी को फंसाना है। चंदन गुप्ता, मनीष जायसवाल और प्रदीप कुमार सिंह से उनकी किसी बात को लेकर दुश्मनी थी। इसलिए उन्होंने ये साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत हमला करवाकर आयुष उनके खिलाफ मामला दर्ज कराना चाहते थे।

ये भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेशः 1185 ग्राम पंचायतों की सूची जारी… पूरी जानकारी के लिए पढ़ें ये खबर

पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कही ये बात
लखनऊ पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि यह घटना बीती रात करीब 2 बजकर 10 मिनट पर घटी। पहले बताया गया था कि सांसद के बेटे पर कुछ अज्ञात लोगो ने फायरिंग की है। लेकिन अब जांच में पता चला है कि सांसद के बेटे के कहने पर उसके साले आदर्श ने फायरिंग की थी। ठाकुर ने बताया कि जिस पिस्टल से गोली चली थी, उसे हमने रिकवर कर लिया है।

लव मैरिज के बाद रहते हैं अलग
बता दें कि पिछले वर्ष आयुष ने लव मैरिज की थी। उसके बाद से वह अपने पिता से अलग रह रहे हैं। मामलले की जांच जारी है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.