मुंबई में चार घंटे की बारिश में जल प्रलय! 23 लोगों की गई जान

मुंबई में 17 जुलाई की रात मात्र चार घंटे की बारिश में भारी तबाही मच गई। इस बारिश में दो बड़ी दुर्घटनाओं में 23 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

73

मुंबई में 17 जुलाई की रात भारी बारिश से तबाही मच गई। मात्र चार घंटे की बारिश में शहर और इसके उपनगरों में कई जगहों पर पानी भर जाने से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया। इसके साथ ही देश की आर्थिक राजधानी में दो बड़ी दुर्घटना घटी। इनमें कुल 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।

इस मात्र चार घंटे की बारिश के कारण महानगर में जो हालात देखने को मिले, उससे महानगरपालिका की साफ सफाई के दावे की पोल खुल गई। मॉनसून के आने से पहले बीएमसी ने मुंबई के नालों और अन्य स्थानों की 104 प्रतिशत साफ सफाई के दावे किए थे। लेकिन जिस तरह के हालात यहां बारिश के कारण पैदा हुए, उससे उसके दावे की पोल खुल गई।

दो बड़े हादसे में 23 लोगों की गई जान
चेंबूर वाशी नाका इलाके में एक दीवार गिर गई। इस घटना में 16 लोगों की मौत हो गई। दूसरी बड़ी घटना विक्रोली पश्चिम स्थित सूर्य नगर इलाके में घटी। इस हादसे में भी 7 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों ही दुर्घटनास्थलों पर बचाव कार्य जारी है। दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ ही डीआरएफ की टीम भी इस काम में लगी है।

चेंबूर में ढही सुरक्षा दीवार
चेंबूर वाशी नाका इलाके के न्यू भारत नगर में एक सोसाइटी की सुरक्षा दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा 17 जुलाई की रात करीब एक बजे हुआ। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। उनका नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

इन नेताओं ने दुख व्यक्त किया
चेंबूर वाशी नाका इलाके में हुए इस हादसे के बाद प्रदेश के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया तथा मृतकों के परिजनों को सांत्वना दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। बारिश के कारण 16 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है।

भूस्खलन होने से चार लोगों की मौत
18 जुलाई को तड़के करीब 2.40 बजे विक्रोली के सूर्य नगर में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित पंचशील चाल में कुछ घर भूस्खलन की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग घायल हो गए हैं। घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.