दिल्ली आबकारी घोटालाः ईडी की पूरक चार्जशीट पर न्यायालय ने लिया संज्ञान, आरोपियों को दिया ये आदेश

दिल्ली आबकारी घोटाला माममले में ईडी ने 26 नवंबर, 2022 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिस पर कोर्ट ने 20 दिसंबर, 2022 को संज्ञान लिया था।

96

दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में ईडी की पूरक चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है। स्पेशल जज एमके नागपाल ने सभी आरोपितों को 23 फरवरी को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया।

ईडी ने छह जनवरी को पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में 12 को आरोपित बनाया गया है। इनमें 5 व्यक्तियों और 7 कंपनियों के नाम हैं।

न्यायालय ने 20 दिसंबर, 2022 को लिया संज्ञान
चार्जशीट में ईडी ने विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, शरद चंद्र रेड्डी, विनय बाबू और अमित अरोड़ा को आरोपित बनाया है। इस मामले में ईडी ने 26 नवंबर, 2022 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिस पर कोर्ट ने 20 दिसंबर, 2022 को संज्ञान लिया था। पहली चार्जशीट में समीर महेंद्रू के अलावा चार कंपनियों के नाम शामिल किये गए थे। कंपनियों में मेसर्स खाओ गली रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स बबली बीवरेजेस प्रा.लि., मेसर्स इंडो स्पिरिट्स, मेसर्स इंडोस्पिरिट्स डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड हैं। कोर्ट ने इन सभी आरोपितों के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट की धारा 3, 4 और 70 के तहत आरोपों पर संज्ञान लिया था।

समीर महेंद्रू ने पैसों की थी व्यवस्था
पहली चार्जशीट पर सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से कहा गया था कि साउथ ग्रुप से समीर महेंद्रू ने पैसों की व्यवस्था की। ईडी ने कहा था कि दिनेश अरोड़ा ने अपने बयान में कहा है कि हैदराबाद में बैठक हुई, जिसमें विजय नायर और समीर महेंद्रू शामिल थे। इस मामले में विजय नायर के कहने पर ही ब्लैकलिस्टेड इंडो स्पिरिट्स को आबकारी विभाग ने लाइसेंस जारी किया। ईडी ने कहा था कि साउथ ग्रुप ने 100 करोड़ रुपये एडवांस में विजय नायर को दिए थे और साउथ ग्रुप के पास रिटेल के 9 जोनन के लाइसेंस थे। इंडो स्पिरिट्स ग्रुप पर सीधे रूप से साउथ ग्रुप का कब्जा था, इसलिए वहां से पैसा हासिल करना आसान था।

यह है मामला
ईडी ने कहा था कि शराब मैन्युफैक्चरर्स पर दबाव था कि वह चुने हुए रिटेलर को ही बोतल बेचेंगे। साउथ ग्रुप का नियंत्रण रिटेलर और थोक विक्रेता दोनों पर था। ईडी ने कहा था कि हमने 291 करोड़ की मनी लांड्रिंग का पता अभी तक लगाया है। ईडी ने कोर्ट को बताया कि अभी एक मामले में 291 करोड़ से ज़्यादा की मनी लांड्रिंग का पता चला है। ईडी का कहना है कि महेंद्रू इन संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि अभी 5 आरोपितों के खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है। ईडी ने विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली को 13 नवंबर, 2022 को गिरफ्तार किया था। 14 नवंबर को कोर्ट ने सीबीआई के मामले में विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली को जमानत दी थी। सीबीआई ने इस मामले में 27 सितंबर, 2022 को विजय नायर को गिरफ्तार किया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.