दिल्ली में भोजपुरी तो पुणे में मराठी एक्टर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे!

91

देश में चोरी और साइबर के तरह-तरह के आपराधिक वारदतों को अंजाम दिया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस तरह के अपराधों में ज्यादातर युवा ही शमिल हैं। ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों की उम्र 25 से 35 साल के बीच है। दिल्ली में जहां एक भोजपुरी अभिनेता समेत उसके एक दोस्त को 50 लाख नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया है, वहीं पुणे में साइबर क्राइम केस में 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक मराठी फिल्मों का अभिनेता भी शामिल है।

पुणे में अभिनेता के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार
पुणे शहर पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने हाई प्रोफाइल केस का पर्दाफाश किया है। मिली जानकारी के अनुसार यह गैंग बैंक के खाताधारकों के गोपनीय दस्तावेजों की चोरी करता था। इस गैंग में मराठी अभिनेता रवींद्र मंकणी के पुत्र व अभिनेता रोहन मंकणी भी शामिल था। 9 अन्य आरोपियों के साथ ही इसे भी गिरफ्तार किया गया है।

ये भी पढ़ेंः हेमंत नगराले मुंबई के नये पुलिस आयुक्त नियुक्त

खाते में जमा थे 216 करोड़ रुपए
इस गैंग द्वारा देश के कई बैंकों के खाताधारकों की गोपनीय जानकारी चोरी करने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। इनके पांच बैंक खातों में कुल 216 करोड़ रुपए जमा होने की जानकारी मिली है। खाताधारकों की गोपनीय जानकारी चुराकर ये उन्हें बेच देते थे। इस तरह इस गैंग ने 216 करोड़ रुपए कमाए थे, जो इनके खाते में जमा थे। फिलहाल इस गैंग के 10 आरोपियों को साइबर सेल ने 25 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

औऱ भी लोगों के शामिल होने का शक
पुलिस के मुताबिक इस गैंग में और भी कई आरोपी शामिल हो सकते हैं। साइबर सेल की पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ज्यादा जानकारी प्राप्त कर रही है। रोहन मंकणी भारतीय जनता पार्टी के चित्रपट आघाड़ी के शहर अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

ये भी पढ़ेंः मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त, जानिये…. कैसे हुआ ये हादसा?

ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक यह गैंग बंद खाते की गोपनीय जानकारी चोरी कर उन्हें बेच देता था। पीएसआई गोरे को गुप्त सूत्रों से यह जनकारी मिली थी। उसके बाद पुलिस निरीक्षक कुमार घाडगे के नेतृत्व में टीम ने महर्षि नगर स्थित सिटी इंटरनेशनल स्कूल के पास,नयनतारा हाइट्स के सामने से आरोपियों को ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया।

दिल्ली में भोजपुरी अभिनेता साथी के साथ गिरफ्तार
दिल्ली में नकली नोट छापने और बाजार में चलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक मोहम्मद शाहिद उर्फ राजा भोजपुरी फिल्मों में काम करता था। शाहिद के साथ ही उसके एक साथी सैय्यद हुसैन को भी गिरफ्तार किया गया है।

50 लाख के नकली नोट बरामद
बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमण के समय लागू लॉकडाउन के कारण उसे काम मिलना बंद हो गया था। इस वजह से उसने अपने दोस्त सैय्यद हुसैन के साथ मिलकर पहले गाड़ी चोरी करना शुरू किया। उसके बाद उन्होंने नकली नोट छापने का धंधा शुरू कर दिया। लेकिन इसकी जानकारी दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की एटीएस को मिल गई। सेल के अधिकारियों ने ट्रैप लगाकर इन्हें गिरफ्तार किया। इनके पास से 50 लाख के नकली नोट जब्त किए गए हैं। इसमें 2000, 500, 100 और 50 के नोट शामिल हैं। ये बाजार में कमीशन के आधार पर नकली नोट चलाते थे।

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि एटीएस की टीम 12 मार्च को वाहन चोरों की तलाश में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में जांच कर रही थी। इसी दरम्यान उन्होंने सूर्या होटल की तरफ आती हुई एक स्कूटी पर दो संदिग्धों को रोककर उनसे दस्तावेज मांगे। जांच में स्कूटी चोरी की निकली। उसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी। शाहीद ने बताया कि वह भोजपुरी फिल्मों में काम करता है और फिल्मों की एडिटिंग के लिए अपना स्टूडियो चलाता है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.