बाइडन प्रशासन में 20 भारतवंशी.. जानिए किस पद पर कौन?

पहली बार राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह से पहले किसी राष्ट्रपति प्रशासन में इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों को नामित किया गया है। इस सूची में सबसे ऊपर नीरा टंडन और विवेक मूर्ति हैं।

102

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने प्रशासन में अहम पदों पर 13 महिलाओं समेत लगभग 20 पदों पर भारतीय-अमेरिकियों को नामित किया है। इनमें से 17 लोग व्हाइट हाउस में महत्वपूर्ण पद संभालेंगे। अमेरिका में वहां की कुल आबादी का एक प्रतिशत भारतीय-अमेरिकी हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में भारतवंशियों की नियुक्ति की गई है।
बता दें कि जो बाइडन 20 जनवरी को अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रुप में शपथ ग्रहण करेंगे। इसी दिन भारतीय मूल की महिला कमला हैरिस देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के पद का कार्यभार संभालेंगी। कमला भारतीय मूल की पहली अमेरिकी उपराष्ट्रपति होंगी।

 नीरा टंडन और विवेक मूर्ति सबसे ऊपर
पहली बार राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह से पहले किसी राष्ट्रपति प्रशासन में इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों को नामित किया गया है। इस सूची में सबसे ऊपर नीरा टंडन और विवेक मूर्ति हैं। बाइडन प्रशासन में व्हाइट हाउस कार्यालय के प्रबंधन एवं बजट के निदेशक के तौर पर टंडन और अमेरिकी सर्जन जनरल के तौर पर डॉ. मूर्ति को नामित किया गया है।

ये भी पढ़ेंः चालबाज चीन की क्यों बढ़ रही है चिंता?.. जानिए

वनिता गुप्ता भी कम नहीं
वनिता गुप्ता को विधि मंत्रालय की एसोसिएट अटॉर्नी जनरल के पद पर नामित किया गया है। बाइडन ने 16 जनवरी को विदेश सेवा की पूर्व अधिकारी उजरा जेया को असैन्य सुरक्षा, लोकतंत्र एवं मानवाधिकार के लिए विदेश मंत्री नियुक्त किया। इंडियासपोरा के संस्थापक एम आर रंगास्वामी ने बताया कि भारतीय अमेरिकी समुदाय ने लोक सेवा के लिए पिछले वर्षों में जो समर्पण दिखाया है, उससे प्रशासन की शुरुआत में ही मान्यता मिल रही है। मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है।

ये भी पढ़ेंः ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में क्यों लगाई इमरजेंसी?

माला अडिगा और गरिमा वर्मा भी नामित
माला अडिगा को भावी प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडन की नीति निदेशक और गरिमा वर्मा को प्रथम महिला के कार्यालय की डिजिटल निदेशक नियुक्त किया गया है। जबकि सबरीना सिंह को उनकी उप प्रेस मंत्री नियुक्त किया गया है।

और ये बन गया इतिहास
व्हाइट हाउस में पहली बार ऐसे दो भारतीय-अमेरिकियों को जगह दी गई है, जो मूल रुप से कश्मीर से संबंध रखते हैं। उनमें आयशा शाह को व्हाइट हाउस कार्यालय की डिजिटल रणनीति की पार्टनरशिप मैनेजर और समीरा फाजली को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की उप निदेशक नियुक्त किया गया है। व्हाइट हाउस में एक और अमेरिकी भारतीय भारत राममूर्ति को उपनिदेशक नियुक्त किया गया है।

गौतम राघवन और विनय रेड्डी को भी महत्वपूर्ण पद
गौतम राघवन को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति कार्मिक कार्यालय में उपनिदेशक नामित किया गया है। विनय रेड्डी को बाइडन का भाषण निदेशक नामित किया गया है। वेदांत पटेल को राष्ट्रपति के सहायक प्रेस मंत्री के तौर पर नियुक्त किया गया है।

ये भी नामित
तीन भारतीय अमेरिकियों को व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में नामित किया गया है। तरुण छाबड़ा को प्रोद्यौगिकी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा का वरिष्ठ निदेशक, सुमौना गुहा को दक्षिण एशिया के लिए वरिष्ठ निदेशक और शांति कलाथिल को लोकतंत्र एवं मानवाधिकार समन्वयक नियुक्त किया गया है। इनके आलवा सोनिया अग्रवाल को व्हाइट हाउस में घरेलू पर्यावरण नीति कार्यालय में पर्यावरण नीति एवं नवोन्मेष को वरिष्ठ सलाहकार और विदुर शर्मा को व्हाइट हाउस कोविड-19 कार्रवाई दल में जांच के लिए नीति सलाहकार नामित किया गया है। दो भारतीय अमेरिकी महिलाओं को व्हाइट हाउस मंत्रणा कार्यालय में नियुक्त किया गया है। नेहा गुप्ता को एसोसिएट काउन्सल और रीमा शाह को डिप्टी एसोसिएट काउन्सल नियुक्त किया गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.