नशे के खेल में, रिया गई जेल में

473

मुंबई। तीन दिनों की पूछताछ के बाद अंत में मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रिया की पेशी हुई। जैसे ही रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया रिया के वकील ने उनकी जमानत की याचिका दायर कर दी। जबकि मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) रिया को 14 दिन की रिमांड पर देने की मांग पर अड़ा रहा। एनसीबी ने अपनी दलील में कोर्ट के सामने कहा कि रिया चक्रवर्ती के विरुद्ध उनके पास मादक पदार्थ के सेवन और सप्लाई के पुख्ता सबूत हैं। इन दलीलों के आगे रिया के वकील की कुछ नहीं चल पाई और कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

रिया से सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में आए नशे के एंगल के सिलसिले में तीन दिनों से पूछताछ की जा रही थी। जिसके बाद एनसीबी ने रिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए रिया को लोकमान्य तिलक अस्पताल (सायन अस्पताल) में ले जाया गया जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उल्लेखनीय है कि रिया का भाई शोविक और सुशांत का स्टाफ मैनेजर सैम्युअल मिरांडा पहले ही एनसीबी की कस्टडी में हैं। एनसीबी ने मंगलवार को रिया से शोविक और मिरांडा के सामने बैठाकर पूछताछ की। इसके बाद शाम को रिया को गिरफ्तार कर लिया गया। रिया ने सोमवार, 7 सितंबर की देर रात सुशांत सिंह राजपूत की बहन प्रियंका सिंह और दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। यह प्रकरण मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने में दर्ज किया गया। आरोप लगाया गया है कि डॉक्टर तरुण ने फर्जी प्रिस्क्रिप्शन और टेली मेडिसिन प्रैक्टिस गाइडलाइंस का उल्लंघन किया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.