मुंबई एसी लोकल से सफर होगा और कूल, केंद्रीय मंत्री दानवे ने की ये घोषणा

मुंबई एसी लोकल में यात्रा करना अब सस्ता होने जा रहा है। केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने इसका किराया कम करने की घोषणा की है।

106

मुंबई एसी लोकल में यात्रा करना अब सस्ता होने जा रहा है। केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने इसका किराया कम करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि मुंबई लोकल एसी का किराया 50 प्रतिशत कम किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

केंद्रीय मंत्री की इस घोषणा के बाद पांच किमी तक का सफर 65 रुपए की बजाय केवल 30 रुपए में किया जा सकेगा। इससे अधिक से अधिक यात्री मुंबई लोकल एसी में यात्रा कर पाएंगे। इससे मुंबईकरों को जहां लाभ होगा, वहीं ज्यादा यात्रियों के सफर करने से रेलवे को भी फायदा होगा।

हर दिन 90 लाख लोग लोकल में करते हैं सफर
बता दें कि लोकल को मुंबई की जीवन रेखा यानी लाइफलाइन कहा जाता है। हर दिन 90 लाख से अधिक लोग इसमें यात्रा करते हैं। लोकल में यात्रा से जहां गंतव्य पर पहुंचना आसान होता है, वहीं सस्ता भी होता है। इस कारण देश की आर्थिक राजधानी के लोग मुंबई लोकल में यात्रा करना पसंद करते हैं। एसी लोकल का किराया कम होने से अब मुंबईकर इसका ज्यादा लाभ उठा सकते हैं।

आखिर कम किया गया किराया
मुंबई लोकल एसी शुरू करके कई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन इसका किराया ज्यादा होने से ज्यादा लोग इसमें सफर नहीं कर रहे थे। इस कारण पिक ऑवर में भी एसी लोकल में यात्री कम ही दिखते थे। इस कारण काफी पहले से इसका किराया कम करने की चर्चा जारी थी,लेकिन अब रेल राज्य मंत्री ने इसकी घोषणा कर दी है।

यात्रियों की मांग हुई पूरी
केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री ने यह घोषणा कर एक तरह से मुंबईकरों की मांग पूरी कर दी है। क्योंकि काफी दिनों से वे इसका किराया अधिक होने की शिकायत कर रहे थे। वे रेल प्रशासन से इसका किराया कम करने की मांग कर रहे थे। आखिरकार उनकी मांग पर मुहर लग गई है।

गर्मी में यात्रा होगी और कूल
पूरे देश के साथ ही मुंबई में भी इन दिनों गरमी चरम पर है और मुंबईकर परेशान हैं। इस स्थिति में लोकल एसी का किराया कम होना यात्रियों के साथ ही रेलवे के लिए भी लाभदायक हो सकता है। उम्मीद की जा सकती है कि अब ज्यादा से ज्यादा लोग मुंबई एसी में सफर कर सकेंगे। इससे दूसरी लोकल ट्रेनों पर भी यात्रियों का बोझ कम होगा और भीड़ से थोड़ी राहत मिल पाएगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.