पिंपरी-चिंचवड़ के भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप आखिर जिंदगी की जंग हार गए। उनका 59 साल की उम्र में निधन हो गया। विधायक जगताप कैंसर से काफी दिनों से जूझ रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उनका पुणे के जुपिटर अस्पताल में इलाज चल रहा था। लक्ष्मण जगताप तीन बार पिंपरी-चिंचवड़ से विधायक रहे हैं।
विधायक लक्ष्मण जगताप पिछले तीन साल से कैंसर से जूझ रहे थे। लक्ष्मण जगताप ने इसका इलाज देश से लेकर विदेश तक में कराया। हालांकि, इस दौरान उन्हें आराम भी मिल गया था। लेकिन एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उसके बाद वह दोबारा पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हुए और आखिर वहीं हुआ जो नियत को मंजूर था। आखिर 59 साल की उम्र में वह इस संसार को छोड़कर चले गए।
पिंपरी-चिंचवड़ शहर में लक्ष्मण जगताप एक महत्वपूर्ण नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने पिंपरी चिंचवड़ नगर पालिका का प्रतिनिधित्व कर राजनीति की शुरुआत की थी। लक्ष्मण जगताप ने महापालिका के महापौर का पद भी संभाला साथ ही, उन्होंने स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। विधायक लक्ष्मण जगताप और विधायक मुक्ता तिलक जून, 2022 को मुंबई में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव में वोट डालने के लिए पुणे से एंबुलेंस से आए थे, तब महाराष्ट्र भाजपा ने दोनों की जमकर तारीफ की थी। मुक्ता तिलक का भी कुछ दिन पहले निधन हो गया था। अब विधायक लक्ष्मण जगताप भी नहीं रहे।