सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित, आईसीयू में भर्ती

लता मंगेशकर को कोरोना के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी अन्य दिक्कतों तथा उम्र के चलते आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।

113

सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। 92 वर्ष की इस महान गायिका को उपचार के लिए मुंबई के अस्पाल में भर्ती कराया गया था। उनका ब्रीच कैंडी के आईसीयू में उपचार किया जा रहा है।

लता मंगेशकर को कोरोना के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी अन्य दिक्कतों तथा उम्र के चलते आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। इससे पहले नवंबर 2019 में लता मंगेशकर को सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उषा मंगेशकर ने बताया था कि उन्हें वायरल इंफेक्शन है।

मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘लता मंगेशकर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है, लेकिन उनका स्वास्थ्य अच्छा है। उनमें हल्के लक्षण हैं और उन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है। उनका उपचार अपने घर पर आइसोलेशन में या ब्रीच कैंडी अस्पताल में किया जा सकता है।”

लता मंगेशकर ने सितंबर 2020 में अपना 92वां जन्मदिन अपने परिवार के साथ मनाया था। उन्हें दुनिया भर से सोशल मीडिया पर जन्मदिन पर बधाई दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर उनके लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की थी।

लता मंगेशकर ने अपने सात दशक के करियर में एक हजार से अधिक हिंदी गाने गाए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी सुरीली आवाज से मराठी और अन्य भाषाओं में कई गाने गाए हैं। उन्होंने आखिरी बार यश चोपड़ा की 2004 की फिल्म वीर-जारा में गाया था। ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की’ गाना भारतीय सेना को समर्पित था।

लता मंगेशकर को पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के के साथ ही कई राष्ट्रीय और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.