24 अप्रैल का इतिहास, बहादुरी का दूसरा नाम गोरखा

साल 1947 में भारत ब्रिटिश हुकूमत से आजाद हुआ। आजादी के वक्त तक ब्रिटिश सेना में 10 गोरखा रेजिमेंट थी। अंग्रेजों ने फैसला किया कि 10 में 6 रेजिमेंट भारत को दे दी जाएंगी और बाकी चार अंग्रेज अपने साथ ले जाएंगे।

84

देश-दुनिया के इतिहास में 24 अप्रैल की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख का महत्व भारत की गोरखा रेजिमेंट से भी है। अपनी बहादुरी के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध गोरखा 24 अप्रैल, 1815 को ईस्ट इंडिया कंपनी से जुड़े थे। ब्रिटिश सरकार ने कुछ समय बाद गोरखा योद्धाओं की अलग रेजिमेंट बनाई और आजादी के बाद गोरखा भारतीय सेना का हिस्सा बनें।

1815 को बनाई गई नई रेजिमेंट
भारतीय सेना के फील्ड मार्शल जनरल मानेकशॉ कहा करते थे कि अगर कोई व्यक्ति कहता है कि उसे मौत से डर नहीं लगता, तो वह या तो झूठ बोल रहा है या फिर गोरखा है। दरअसल, बात 1814 की है। भारत अंग्रेजों के कब्जे में था। अंग्रेज चाहते थे कि नेपाल पर भी उनका कब्जा हो जाए। इसलिए अंग्रेजों ने नेपाल पर हमला कर दिया। करीब डेढ़-दो साल युद्ध चलता रहा। आखिरकार सुगौली की संधि हुई और युद्ध थमा। पूरे युद्ध में ब्रिटिश जनरल डेविड ओक्टलोनी गोरखा सैनिकों की बहादुरी से खासे प्रभावित हुए। उन्होंने सोचा कि इतने बहादुर सैनिकों को क्यों न ब्रिटिश सेना में भर्ती किया जाए? नेपाल से समझौते के बाद 24 अप्रैल, 1815 को नई रेजिमेंट बनाई गई, जिसमें गोरखाओं को भर्ती किया गया। इसके बाद से गोरखा ब्रिटिश सेना में भर्ती होते रहे।

अंग्रेजों के साथ नहीं गए गोरखा रेजीमेंट
साल 1947 में भारत ब्रिटिश हुकूमत से आजाद हुआ। आजादी के वक्त तक ब्रिटिश सेना में 10 गोरखा रेजिमेंट थी। अंग्रेजों ने फैसला किया कि 10 में 6 रेजिमेंट भारत को दे दी जाएंगी और बाकी चार अंग्रेज अपने साथ ले जाएंगे। उन चार रेजिमेंट के गोरखाओं ने अंग्रेजों के साथ जाने से इनकार कर दिया। भारत ने 11वीं रेजिमेंट बनाई। 1950 में भारत गणराज्य बना तब इसका नाम गोरखा राइफल्स रखा गया। भारत, नेपाल और अंग्रेजों के बीच एक समझौता हुआ। उसके मुताबिक भारत की सेना में गोरखाओं की भर्ती होती रहेगी।

अपनी बहादुरी का मनवाया लोहा
भारत के लिए गोरखा जवानों ने पाकिस्तान और चीन के खिलाफ हुई सभी लड़ाइयों में शत्रु को अपनी बहादुरी का लोहा मनवाया। गोरखा रेजिमेंट को इन युद्धों में कई परमवीर चक्र तथा महावीर चक्र मिले। गोरखा सैनिकों ने भारतीय शांति सेना के रूप में भी विभिन्न देशों में अपनी बहादुरी का परिचय दिया। इस रेजिमेंट का आदर्श वाक्य है “कायर हुनु भन्दा मर्नु राम्रो” यानी “कायर होने से मरना बेहतर है”। हालांकि, नेपाल से आने वाले सभी नेपाली बोलने वाले जवानों को गोरखा नहीं माना जाता। गोरखा वे हैं जो लिम्बू, थापा, मगर्स आदि जातियों से संबंध रखते हैं। इन सभी गोरखा जातियों की अपनी बोलियां हैं।

ये भी पढ़ें- जानें कब जारी होंगे उत्तर प्रदेश बोर्ड के परिणाम

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1877: रूस ने ओटोमन साम्राज्य के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1898: स्पेन ने अमेरिका के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1920: पोलैंड की सेना ने यूक्रेन पर हमला किया।
1926: बर्लिन संधि पर हस्ताक्षर।
1954: ब्रिटिश सरकार ने कीनिया के विद्रोहियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया।
1954: आस्ट्रेलिया और सोवियत संघ ने राजनयिक संबंध समाप्त किए।
1960: दक्षिण पर्सिया में भूकंप। 500 लोगों की मौत।
1962: एमआईटी ने पहली बार सेटेलाइट से टीवी सिग्नल भेजा।
1967: सोवियत संघ के अंतरिक्ष यात्री व्लादिमीर कोमारोव अंतरिक्ष अभियान के दौरान दम तोड़ने वाले पहले व्यक्ति।
1970: चीन का पहला उपग्रह डांग फांग हांग लॉन्च।
1982: पंद्रह वर्ष के इजरायली आधिपत्य के बाद सिनाई प्राय:द्वीप क्षेत्र मिस्र को वापस।
1998: क्लोन भेड़ डोली ने स्वस्थ मेमने बॉनी को जन्म दिया।
2002: अर्जेन्टीना में बैंक अनिश्चितकाल के लिए बंद।
2003: तमिल विद्रोहियों का थाइलैंड वार्ता में हिस्सा लेने से इनकार।
2006: नेपाल में संसद बहाल।
2007: हमास ने इजरायल पर हमला कर युद्धविराम को तोड़ा।
2008: माओवादी नेता पुष्पकमल दहल उर्फ प्रचंड ने भारत-नेपाल के मध्य 1950 में हुई संधि को समाप्त करने की घोषणा की।
2013: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमारत गिरने से सैकड़ों लोगों की मौत।

जन्म

1888: असम के पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु राम मेधी।
1908: भारतीय अधिवक्ता और पत्रकार वायलेट अल्वा।
1909: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री टीका राम पालीवाल।
1928: प्रसिद्ध कन्नड़ अभिनेता राजकुमार।
1940: मिजोरम के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी।
1945: अमेरिकी कम्प्यूटर वैज्ञानिक लैरी टेस्लर।
1956: छत्तीसगढ़ की ‘पंडवानी’ गायिका तीजनबाई।
1973: गोवा के मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत।
1973: भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ।

निधन

1942: मराठी रंगमंच के प्रसिद्ध अभिनेता दीनानाथ मंगेशकर।
1944: समाचार पत्र दैनिक आज के संस्थापक शिवप्रसाद गुप्त।
1960: प्रसिद्ध लेखक अन्ना साहब भोपटकर।
1972: भारत के प्रसिद्ध चित्रकार जामिनी रॉय।
1974: हिंदी के प्रखर कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’।
2009: यशस्वी कवि और ओजस्वी वक्ता महात्मा रामचन्द्र वीर।

दिवस

-मानव एकता दिवस
-रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पुण्यतिथि

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.