भारत के साथ ही इन देशों में भी कोरोना की सुनामी!

कोरोना का कहर सबसे ज्यादा भारत और ब्राजील में देखा जा रहा है। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित और आबादी के अनुसार बड़े देशों में केवल भारत में नए केस ज्यादा बढ़ रहे हैं। इस दौरान अमेरिका में 17 और ब्राजील में 2 प्रतिशत मामलों में कमी आई है।

92

भारत में कोरोना की दूसरी लहर की सुनामी जारी है। हर दिन आने वाले आंकड़े लोगों के साथ ही देश की सरकारों को भी डरा रहे हैं। एक दिन कभी थोड़ा कम आता है तो दिल को थोड़ी तसल्ली मिलती है, लेकिन दूसरे दिन फिर रिकॉर्डतोड़ आंकड़े देखकर मन में ये प्रश्न उठने लगता है कि आखिर ये कोरोना की दूसरी लहर कब नियंत्रण में आएगी।

भारत में कोरोना की स्थिति
बीते 24 घंटों की बात करें तो भारत में कुल 4,03,738 नए मामले आए हैं। जबकि 4,092 लोगों की इसकी चपेट में आने से जान चली गई है। अब तक देश में कोराना संक्रमितों की संख्या 2,22,96,414 हो गई है, जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 2,42,362 पहुंच गया है।

दिल्ली में संक्रमण ज्यादा
कोरोना का कहर पूरे देश में जारी है। लेकिन दिल्ली में इसका संक्रमण काफी ज्यादा है। हालांकि फिलहाल थोड़ी राहत भरी खबर है। यहां बीते 24 घंटे में 13,336 नए मामले आए हैं, जबकि 273 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले यहां के आंकड़े काफी डरावने रहे हैं। इसलिए एक या दो दिन के आंकड़ों को देखकर सिर्फ मन को तसल्ली ही दी जा सकती है।

केजरीवाल ने मांगे हर माह 60 लाख वैक्सीन
दिल्ली में कोरोना कंट्रोल के लिए हर तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। यहां फिर से लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही वैक्सीन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा है। उन्होंने दिल्ली को हर महीने 60 लाख वैक्सीन देने की मांग की है।

कई राज्यों में लॉकडाउन
दिल्ली के साथ ही महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु आदि देश के कई राज्य इसकी चपेट में हैं। इसे देखते हुए सभी राज्य सरकारों ने कड़े निर्णय लिए हैं। ज्यादा प्रभावित राज्यों में लॉकडाउन लगाए गए हैं। इस बारे में निर्णय लेने के लिए केंद्र ने राज्य सरकारों को पूरी छूट दी है। फिलहाल केंद्र ने अपनी तरफ से किसी तरह की पाबंदी की घोषणा नहीं की है।

भारत को भारी नुकसान
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में भारत को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। 10 मई की स्थिति को देखें तो देश के 26 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन लागू किया गया है। इस वजह से भारत ग्लोबल स्ट्रिंजन्सी इंडेक्स में 74वें नबंर पर पहुंच गया है। ये इसलिए भी चिंता की बात है क्योंकि 1 अप्रैल को भारत इस लिस्ट में मात्र 58वें नंबर पर था।

ये भी पढ़ेंः विदेशों से प्राप्त सहायता सामग्रियों का केंद्र ने दिया हिसाब

विश्व भर की देशों की स्थिति
विश्व में अब तक 15.83 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 32.96 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 13.66 करोड़ लोगों ने कोरोना को हराने में सफलता हासिल की है। वर्तमान में 1.92 करोड़ लोगों का उपचार किया जा रहा है। इनमें 1.91 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं। बीते एक दिन में दुनिया में 7.83 लाख नए केस आए हैं। इस दौरान 13,022 लोगों की मौत हो चुकी है।

भारत सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल
कोरोना का कहर सबसे ज्यादा भारत और ब्राजील में देखा जा रहा है। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित और आबादी के अनुसार बड़े देशों में केवल भारत में नए केस ज्यादा बढ़ रहे हैं। इस दौरान अमेरिका में 17 और ब्राजील में 2 प्रतिशत मामलों में कमी आई है। ये दोनों देश पिछले दिनों तक भारत से संक्रमण में आगे थे, लेकिन पिछले महीने भारत इनसे आगे हो गया।

सबसे ज्यादा प्रभावित देश
विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश अमेरिका, ब्राजील और भारत में स्थिति हर दिन बिगड़ती जा रही है। भारत के साथ ही अमेरिका में भी बहुत ही खराब स्थिति है। वहां कोरोना से होनेवाली मौतों का आंकड़ा 6 लाख के करीब पहुंच गया है। भारत में कोरोना केस के आंकड़े दो करोड़ के आसपास हुंच गए हैं, जबकि मौत का आंकड़ा भी दो लाख के पार कर गया है। ब्राजील में कोरोना के मामले डेढ़ करोड़ से अधिक हो गए हैं, जबकि मौतों का आंकड़ा चार लाख के पार पहुंच गया है। इन तीन देशों में दुनिया भर में कोरोना के आधे से ज्यादा मामले हैं।

ये देश भी चपेट में 
इसके बाद फ्रांस में 56 लाख, तुर्की में 49 लाख, रुस में 48 लाख, जबकि ब्रिटेन में 44 लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले हैं। इनके आलावा इटली में 40 लाख तो स्पेन में 35 लाख केस हैं। जर्मनी में 34 लाख से ज्यादा केस मिल चुके हैं, अर्जेंटीना में 30 लाख से ज्यादा संक्रमण के मामले हैं। कोलंबिया और पोलैंड में 29 लाख से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हैं। इनके आलावा ईरान, मेक्सिको, यूक्रेन, पेरु, इंडोनेशिया, साउथ अफ्रीका, नीदरलैंड, कनाडा, चिली, इराक, फिलीपींस, बेल्जियम, रोमानिया, स्वीडन, बांग्लादश, पाकिस्तान, पुर्तगाल, इसराइल जैसे देशों में भी कोरोना संक्रमण के मामले काफी ज्यादा हैं।

अमेरिका ने उठाए हैं कड़े कदम
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने 4 मई के बाद भारत से अमेरिका आने वाले यात्रियों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी है।
इस  निर्णय के अनुसार जिस शख्स ने भी 14 दिन भारत में यात्रा की है, उसे अमेरिका में एंट्री नहीं मिलेगी। बताया जा रह है कि भारत के नए वेरिएंट के खतरे के मद्दे नजर अमेरिका ने यह निर्णय लिया है। वैसे,अमेरिकी नागरिक, जिनके पास ग्रीन कार्ड है, उनकी पत्नी और 21 साल से कम उम्र के बच्चाों को इन पाबंदियों से अलग रखा गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.