हबीबगंज के बाद अब एमपी के इस रेलवे स्टेशन का भी बदलेगा नाम!

मध्य प्रदेश के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर कमलापति कर दिया गया है।अब एक और रेलवे स्टेशन का नाम बदलने जा रहा है।

94

हबीबगंज के बाद अब मध्य प्रदेश के एक और रेलवे स्टेशन का भी नाम बदलने जा रहा है। इंदौर स्थित पातालपानी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर टंट्या मामा किया जाएगा। यह घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सीएम ने 22 नवंबर को यह घोषणा की। पातालपानी रेलवे स्टेशन के साथ ही 53 करोड़ की लागत से बन रहे बस स्टैंड का नाम भी टंट्या मामा रखा जाएगा।

हबीबगंज का बदला गया नाम
इससे पहले इस प्रदेश के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर कमलापति कर दिया गया है। शिवराज सिंह चौहान सरकार ने इसके लिए भोपाल स्थित इस स्टेशन का नाम महान गोंड रानी कमलापति के नाम पर रखने का प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा था।

गोंड रानी कमलपाति का दिया गया नाम
शिवराज सिंह सरकार ने अपने प्रस्ताव में लिखा था कि इस क्षेत्र की 18वीं सदी की गोंड रानी कमलापति के नाम पर हबीबगंज का नामकरण किया जाए। केंद्रीय गृह मंत्रालय को लिखे अपने पत्र में, राज्य सरकार ने तर्क दिया था कि उसका अनुरोध भारत सरकार के उस निर्णय के अनुसार है, जिसमें 15 नवंबर को श्रद्धेय आदिवासी नेता और स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की याद में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। पत्र में कहा गया था कि स्टेशन का नाम बदलने से रानी कमलापति की विरासत और बहादुरी का सम्मान होगा।

ये भी पढ़ेंः ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वीर चक्र से सम्मानित! जानें, और किन सपूतों को मिला पुरस्कार

पीएम ने किया लोकार्पण
मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। इस विश्व स्तरीय सुविधा वाले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने लोकार्पण भी कर दिया।

कौन थीं रानी कमलापति? 
रानी कमलापति गिन्नौरगढ़ के मुखिया निजाम शाह की विधवा गोंड शासक थीं। गोंड समुदाय में 1.2 करोड़ से अधिक आबादी वाला भारत का सबसे बड़ा आदिवासी समूह शामिल है।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिया था यह प्रस्ताव
भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हबीबगंज स्टेशन का नाम बदलकर उसे पूर्व प्रधान मंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने की मांग की थी। उसके एक दिन बाद राज्य सरकार ने स्टेशन का नाम रानी कमलापति स्टेशन करने का निर्णय लिया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.