सूडान से मुंबई पहुंचे ‘इतने’ गुजरात के लोगों को लाया गया अहमदाबाद

सूडान से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन कावेरी के तहत स्वदेश लाए गए गुजरात के 56 लोगों के दल को मुंबई से 28अप्रैल की सुबह वॉल्वो बस से अहमदाबाद लाया गया।

170

हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन कावेरी के तहत स्वदेश लाए गए गुजरात के 56 लोगों के दल को मुंबई से 28अप्रैल की सुबह वॉल्वो बस से अहमदाबाद लाया गया। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने गुजारत के अहमदाबाद में सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अहमदाबाद की कलक्टर प्रवीणा डीके समेत ऑपरेशन कावेरी के साथ जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने किया स्वागत
सूडान में फंसे गुजरात के लोगों को सुरक्षित अहमदाबाद पहुंचने पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण वहां मौजूद विश्व के कई देशों के नागरिक मुश्किलों में फंस गए हैं। ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेस्क्यू की योजना बनाई गयी।

ऑपरेशन कावेरी के तहत इवेक्युएशन फ्लाइट-सी17 से 56 लोग लाए गए भारत
गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्रियों और अधिकारियों की टीम बनाकर वायु सेना, सेना के साथ मिल कर सूडान में फंसे नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन कावेरी चलाया जा रहा है। इसके तहत गुजरात के 56 लोगों को जेद्दा से मुंबई विशेष इवेक्युएशन फ्लाइट-सी17 से भारत लाया गया।

वॉल्वो बस में लाया गया अहमदाबाद
गुजरात के लोगों को राज्य के अधिकारियों ने मुंबई में रिसीव किया। इनमें से 12 लोगों ने लौटने के लिए अपनी व्यवस्था की थी, जिसके बाकी के 44 लोगों को मुंबई से अहमदाबाद वॉल्वो बस से लाया गया। संघवी ने बताया कि गुजरात आने के बाद सबसे पहले प्रवासियों को घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने उठाई है।

सभी 56 लोगों को घर पहुंचाने की व्यवस्था
संघवी ने बताया कि मुंबई से प्रवासियों को अहमदाबाद लाने के बाद राजकोट जिले के 39, गांधीनगर जिले के 9, आणंद जिले के 3 और वडोदरा जिले के 5 लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। राज्य सरकार ने सूडान में फंसे गुजरात के लोगों की सूची बनाकर विदेश मंत्रालय को दी है।

सूडान में फंसे गुजरातियों को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी
संघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में सूडान में फंसे गुजरातियों को वापस लाने के लिए गुजरात सरकार का एनआरआई विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, अहमदाबाद कलक्टर कार्यालय, पुलिस विभाग सभी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.