“ऐसे लोग ही छोड़ रहे हैं भाजपा का घर, जिनको है ‘ये’ डर!” पार्टी नेताओं ने साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भाजपा नेताओं ने निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और पार्टी के महासचिव कैलाश विजवर्गीय ने उन पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

83

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मे टिकट बंटवारे से पहले भारतीय जनता पार्टी के कई मंत्री और नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। इनमें से अधिकांश चुनावी मौसम में रंग बदलने वाले नेता शामिल हैं। इन नेताओं पर उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और पार्टी के महासचिव कैलाश विजवर्गीय ने निशाना साधा है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जिन नेताओं ने पार्टी छोड़ी है, उन्हें भाजपा टिकट नहीं दे रही थी। इसलिए इन्होंने भाजपा को छोड़कर समाजवादी पार्टी में अपना टिकट पक्का कर लिया है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें डबल इंजन की ट्रेन का टिकट नहीं मिल रहा था, उन्हें टीपू सुल्तान अपने डग्गामार वाहन का ब्लैक मे टिकट दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ओबीसी के सबसे बड़े शुभचिंतक
सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओबीसी का सबसे बड़ा शुभचिंतक बताते हुए कहा कि मोदी के दिल में इस देश के गरीब, दलित, वंचित और पिछड़े बसते हैं। विपक्ष ने जिन लोगों का शोषण किया, उन्हें मोदी ने अपना मानकर गले लगाया और सम्मानित किया तथा सशक्त बनाने का काम किया।

भाजपा में ओबीसी को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व 
उन्होंने कहा कि भजापा में ओबीसी को जितना आर्थिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलता है, उतना और किसी सरकार या पार्टी में नहीं मिलता। हमारे लिए पी का अर्थ पिछड़ों का उत्थान है, कुछ लोगों ने पी को केवल पिता-पुत्र का उत्थान मान लिया है।

कैलाश विजवर्गीय ने भी साधा निशाना
स्वतंत्र देव सिंह के साथ ही कैलाश विजयवर्गीय ने भी कहा है कि जिन लोगों को भजपा में टिकट कटने का डर था, उन्होंने ही पार्टी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि यूपी की राजनीति में यह कोई नई बात नहीं है। भाजपा महासचिव ने कहा कि भाजपा के पास अधिक विधायक हैं तो हमें कुछ का टिकट कटेगा। जिन्हें इसकी जानकारी मिल रही है, वे दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं।

 

भाजपा की पहली सूची तैयार
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में भाजपा सरकार में मंत्री सहित कई विधायकों और नेताओं ने भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया है। फिलहाल भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची तैयार कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार इसमें 170 उम्मीदवारो के नाम शामिल हैं। यह सूची जल्दी ही जारी की जाएगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.