उपचुनावः सपा के गढ़ में सेंध, आजमगढ़- रामपुर में दिखा भाजपा का जलवा! जानिये, अन्य सीटों पर कैसा रहा हाल

विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी अपनी जमीन खोती दिख रही है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान संगरूर लोकसभा क्षेत्र से 5,822 मतों से जीते हैं।

87

देश की तीन लोकसभा और चार राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के अधिकांश सीटों के परिणाम आ गए हैं। उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। इस सीट को सपा नेता आजम खान का गढ़ माना जाता रहा है। भाजपा ने इस मिथक को चकनाचूर कर दिया। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार निरहुआ ने जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें-अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवसः पहलवान बिजेंद्र सिंह ने लोगों को ऐसे किया जागरुक

पंजाब में उलटफेर
पंजाब की संगरूर सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान जीत गए हैं। त्रिपुरा में मुख्यमंत्री मानिक साहा ने टाउन बरदोवाली सीट से जीत दर्ज की है।

रामपुर में आजम खान का तिलस्म टूटा
उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) को हार का सामना करना पड़ा है। यहां भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा के उम्मीदवार आसिम राजा को हरा दिया है। रामपुर में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा ने आजम खान के गढ़ में सपा को पटखनी दी है। भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी को 3,67,397 और सपा के असीम रजा को 3,25,205 मत मिले हैं।

आजमगढ़ निरहुआ का हुआ
आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ की जीत हुई है। सपा के धर्मेंद्र यादव की हार हुई है। निरहुआ ने यह जानकारी ट्वीट कर दी है।

आप का हार से स्वागत
विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी अपनी जमीन खोती दिख रही है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान संगरूर लोकसभा क्षेत्र से 5,822 मतों से जीते हैं। इस सीट पर भगवंत मान दो बार जीते थे। पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

दिल्ली में आप का परचम
दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 11,468 वोटों से जीत मिली है। दुर्गेश पाठक को कुल 40,319 मत मिले, जबकि 28,851 वोटों के साथ भाजपा के राजेश भाटिया दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस को मात्र 2,014 वोट ही मिले हैं।

आंध्र प्रदेश में ऐसा रहा हाल
आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। एम. विक्रम रेड्डी ने 82,888 वोटों से अपने निकटतम उम्मीदवार भाजपा के भरत कुमार को हराया है।

त्रिपुरा में कमल खिला, हाथ हिला
त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। त्रिपुरा की टाउन बरदोवाली सीट से भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री मानिक साहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 6104 वोटों से जीत दर्ज की है। यहां की जबराजनगर और सूरमा सीट भी भाजपा ने जीत ली है। अगरतला में कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन ने जीत दर्ज की है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.