लोढ़ा के कारण भाजपा में टेंशन, राउत ने लगाया गंभीर आरोप

भाजपा और राज्य सरकार के मंत्रियों और राज्यपालों के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने की होड़ लगी है।

115

छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के विवादित बयान का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब राज्य सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। ऐसे में एक बार फिर विपक्ष को हमला करने का मौका मिल गया है। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे सांसद संजय राउत ने अब इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा है।

महाराजा का अपमान करने के लिए सरकार में होड़
सांसद संजय राउत ने कहा कि भाजपा और राज्य सरकार के मंत्रियों और राज्यपालों के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने की होड़ लगी है। यह देखने की होड़ लगी रहती है कि कौन महाराज और महाराष्ट्र का सबसे अधिक अपमान कर सकता है। अब लोढ़ा भी इसमें कूद पड़े हैं। अगर इस तरह महाराज का अपमान किया जाएगा, महाराष्ट्र की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी, वह इन्हें करारा जवाब देगी।

ये भी पढ़ें- मंगल प्रभात लोढ़ा की अमंगल वाणी पर बवाल, शिवाजी महाराज की तुलना ‘इस’ नेता से कर दी

महाराजा को बदनाम करने की कोशिश
राउत ने कहा है कि मंगल प्रभात लोढ़ा महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री और मुंबई के संरक्षक मंत्री हैं। कम से कम राज्य के पर्यटन मंत्री को तो महाराष्ट्र और छत्रपति शिवाजी महाराज का इतिहास पता होना चाहिए। महाराजाओं का इतिहास जानने, उनके द्वारा बनवाए गए किलों को देखने के लिए दुनिया भर से पर्यटक महाराष्ट्र आते हैं। इस बीच राज्य के पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने महाराज की तुलना एक पार्टी से बेईमानी करने वाले लोगों से की है। यह महाराज को बदनाम करने की कोशिश है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.